रायगढ़, 20 जुलाई (आरएनएस)। रायगढ़ शहर के गैलेक्सी मॉल परिसर में लगे बिजली ट्रांसफार्मर से तांबे का अर्थिंग वायर चोरी करने वाले गिरोह का कोतवाली पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में दो विधि से संघर्षरत बालकों, दो महिला आरोपियों और चोरी का माल खरीदने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से करीब 12 किलोग्राम तांबे का अर्थिंग वायर, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये बताई गई है, बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, गैलेक्सी मॉल में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत शिव राज कुमार साहू ने 18 जुलाई को कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि मॉल के पीछे लगे बिजली ट्रांसफार्मर से जुड़ा लगभग 10 मीटर लंबा अर्थिंग वायर 15 जुलाई को चोरी हो गया था। मामले में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने दो विधि से संघर्षरत बालकों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने दो महिलाओं के साथ मिलकर ट्रांसफार्मर का अर्थिंग वायर चोरी करने और उसे गुड्डू उर्फ रमेश सारथी को बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी गुड्डू उर्फ रमेश सारथी के कब्जे से चोरी गया तांबे का वायर बरामद कर लिया। इसके बाद दो महिला आरोपियों और माल खरीदने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया, जबकि दोनों विधि से संघर्षरत बालकों के खिलाफ किशोर न्याय अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और चोरी की अन्य घटनाओं में आरोपियों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।
०००


