गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 20 जुलाई (आरएनएस) जिले की मरवाही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बूचडख़ाने ले जाए जा रहे 26 भैंसों से भरे एक ट्रक को पकड़ लिया। पुलिस ने अमानवीय तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरे गए सभी मवेशियों को सुरक्षित मुक्त कराया, ट्रक जब्त कर चालक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 19-20 जुलाई की रात सूचना मिली थी कि एक ट्रक में बड़ी संख्या में भैंसों को अवैध रूप से बूचडख़ाने ले जाया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी के निर्देश पर थाना मरवाही, चौकी कोटमी और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दानीकुंडी के पास घेराबंदी की। इस दौरान क्क 70 त्रञ्ज 3794 नंबर के ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक ट्रक लेकर भाग निकला। पुलिस ने पीछा करते हुए कुम्हारी बस स्टैंड के पास ट्रक को रोक लिया।
जांच के दौरान ट्रक में 26 भैंसें बेहद क्रूर तरीके से ठूंस-ठूंसकर भरी हुई मिलीं। चालक से पशुओं के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज और अनुमति पत्र मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने सभी मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकालकर नियमानुसार सुरक्षित स्थान पर भिजवाया।
पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आरोपी चालक वाल्मीक साकेत (30 वर्ष) निवासी रोहिया, थाना रामपुर बघेलान, जिला सतना (मध्यप्रदेश) के खिलाफ थाना मरवाही में अपराध क्रमांक 138/2026 के तहत छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11 तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 111 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी ने मामले की एंड-टू-एंड विवेचना कर इस अवैध परिवहन से जुड़े सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
०


