जांजगीर-चांपा, 22 जुलाई (आरएनएस)। चांपा पुलिस ने मालवाहक वाहनों से डीजल चोरी के मामले में फरार चल रहे आरोपी ड्राइवर को पंजाब के अमृतसर से गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। करीब 10 माह से फरार आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रंजीत सिंह (55 वर्ष) निवासी ग्राम ढाडे, थाना इस्लामाबाद, जिला अमृतसर (पंजाब) है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस ने बताया कि आर्शीवाद बिल्टकॉन ट्रांसपोर्टिंग कंपनी के मुंशी मोहित सेठी, निवासी बिल्हा ने 3 अक्टूबर 2025 को थाना चांपा में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार कंपनी के दो ट्रक क्रमांक CG-10-BY-9976 एवं CG-10-BS-9435 26 सितंबर 2025 को जयरामनगर से छुरी के लिए रवाना हुए थे। अगले दिन दोनों ट्रकों की लोकेशन हथनेवरा चौक स्थित एक ढाबे के पास मिली, जबकि दोनों चालकों के मोबाइल फोन बंद थे।
30 सितंबर 2025 को मौके पर पहुंचने पर दोनों ट्रकों की डीजल टंकियों के ताले टूटे हुए मिले। ट्रकों से करीब 577 लीटर डीजल, जिसकी कीमत लगभग 54 हजार रुपये थी, चोरी हो चुका था। साथ ही दोनों वाहनों के टायर भी आपस में बदल दिए गए थे। इस संबंध में थाना चांपा में अपराध क्रमांक 451/2025 दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपी रंजीत सिंह अमृतसर में छिपा हुआ है। इसके बाद चांपा पुलिस की टीम पंजाब रवाना हुई और आरोपी को गिरफ्तार कर जांजगीर-चांपा लाई। विधिवत गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि इस मामले का दूसरा आरोपी राजू सिंह (26 वर्ष) निवासी चांविंदा देवी, थाना मंजिठा, जिला अमृतसर (पंजाब) की मृत्यु हो चुकी है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक अशोक वैष्णव, सहायक उपनिरीक्षक बाबूलाल दिवाकर तथा आरक्षक प्रकाश द्विवेदी की महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका रही।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

