इस्लामाबाद ,22 जुलाई ,। पाकिस्तान में बारिश कई इलाकों पर कहर बन कर टूटी है। खासकर पंजाब प्रांत गुजरांवाला, नारोवाल, पाकपत्तन और लाहौर शहरों में भारी बरसात ने तबाही मचा दी है। अलग-अलग हादसों में करीब 8 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। स्थानीय मीडिया ने बुधवार को यह जानकारी दी। गुजरांवाला शहर में 6 लोगों की मौत हो गई, जिनमें ज्यादातर बच्चे शामिल हैं, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। वहीं, गुजरात में जीटी रोड बाईपास पर बारिश के कारण फिसलने के बाद एक ट्रेलर खाई में गिर गया।
राहत एवं बचाव अधिकारियों ने बताया कि इन घटनाओं में मौत का कारण मकान की छत और दीवार गिरने से लगी चोट, तालाब में डूबने या फिर करंट लगना रहा।
पाकपत्तन में बारिश के दौरान एक मकान की छत गिरने से दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई, जबकि उनकी मां घायल हो गईं। वहीं, लाहौर के गुलशन-ए-रावी इलाके में एक फैक्ट्री की छत गिरने से चार मजदूर घायल हो गए।
गुजरात और गुजरांवाला शहरों में करीब 10 घंटे तक हुई भारी बारिश के बाद मुख्य सड़कें और आसपास के इलाके पानी में डूब गए। बारिश के कारण व्यावसायिक गतिविधियां और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। डॉन के मुताबिक, गुजरांवाला शहर पर इसका सबसे ज्यादा असर पड़ा, जहां भारी बारिश के साथ-साथ एमिनाबाद और गखड़ मंडी के बीच मेट्रो बस मार्ग निर्माण के लिए जीटी रोड पर चल रहे खुदाई कार्य ने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
इससे पहले सोमवार को पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के खैबर और अन्य जिलों में मूसलाधार बारिश तथा अचानक आई बाढ़ से 9 लोगों की मौत हो गई थी।
द न्यूज इंटरनेशनल के अनुसार, खैबर, मर्दान और बाजौर में मौतों की सूचना मिली, जबकि अचानक आई बाढ़ और बादल फटने की घटनाओं से मानसेहरा, एबटाबाद, चित्राल, शांगला और अन्य जिलों में सड़कें, पुल, मकान, दुकानें, मछली फार्म, बागान, फसलें और सार्वजनिक ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए। इससे यातायात व्यवस्था बाधित हुई। साथ ही बिजली तथा संचार सेवाएं भी प्रभावित हुईं।
रेस्क्यू 1122 के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी के हवाले से ‘द न्यूज इंटरनेशनल’ ने बताया कि लांडी कोटल में दो युवकों के शव बरामद किए गए, जबकि जमरूद के अलग-अलग इलाकों से एक महिला और बच्चे समेत चार अन्य लोगों के शव मिले।
उन्होंने बताया कि मर्दान में भारी बारिश के दौरान एक मकान की छत गिरने से दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि बाजौर में एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर नौ हो गई।
खैबर जिले में बाढ़ के पानी में फंसे एक व्यक्ति का मदद मांगते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। हालांकि, तेज बहाव में वह बह गया।
मानसून बारिश के दौरान बादल फटने से आई अचानक बाढ़ ने लांडी कोटल, तोरखम और खैबर जिले के अन्य हिस्सों में भारी नुकसान पहुंचाया। सड़कों और मकानों को नुकसान पहुंचा तथा कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।
पाकिस्तान-अफगानिस्तान राजमार्ग भी कई घंटों तक बंद रहा क्योंकि नौ स्थानों पर बाढ़ के पानी से सड़कें डूब गईं और मौसमी नालों का जलस्तर खतरनाक स्तर तक पहुंच गया। स्थानीय निवासियों के अनुसार, लांडी कोटल में अफगान नागरिकों को ले जा रहा एक वाहन बाढ़ में बह गया, जबकि दो अन्य वाहन जकारिया मस्जिद और सुल्तानखेल गांव के पास पानी में डूब गए। स्थानीय लोगों ने वाहनों में सवार लोगों को काफी मशक्कत के बाद बचाया।
00

