कुशीनगर, 31 जनवरी (आरएनएस)। जनपद न्यायाधीश संजीव कुमार त्यागी के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कुशीनगर के तत्वावधान में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रभात सिंह एवं शान्तनु तंवर प्रधान मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड कुशीनगर ने संयुक्त रूप से राजकीय सम्प्रेक्षण गृह, किशोर, गोरखपुर का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान किशोर अपचारियों से उनके स्वास्थ्य, रहन-सहन तथा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की गई। किशोर अपचारियों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया गया तथा जो बाल अपचारी तकनीकी शिक्षा में रुचि रखते पाए गए। उन्हें तकनीकी शिक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। निरीक्षण के क्रम में बाल सम्प्रेक्षण गृह के भोजनालय का भी मुआयना किया। किशोर अपचारियों द्वारा बताया गया कि उन्हें निर्धारित मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाता है। यह सुनिश्चित किया गया कि बच्चों को स्वास्थ्य वर्धक एवं सुपाच्य भोजन मिले तथा भोजन में हरी सब्जियों को अनिवार्य रूप से शामिल किए जाने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।साफ -सफाई व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया तथा स्वच्छ भारत अभियान की महत्ता बताते हुए स्वच्छता बनाए रखने के विषय में विस्तार से समझाया गया। इस दौरान अजीत यादव प्रभारी सहायक अधीक्षक द्वारा अवगत कराया गया कि दवाओं की कमी बनी रहती है। जिसके संबंध में मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को पत्र प्रेषित किया गया है किंतु अब तक दवाएं उपलब्ध नहीं कराई गई है। निरीक्षण के दौरान प्रभारी सहायक अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि राजकीय सम्प्रेक्षण गृह में निवासरत किशोर अपचारियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जाए तथा ऐसी एनजीओ का चयन किया जाए। जिनके माध्यम से उन्हें रोजगार उपलब्ध कराकर पुनर्वास करते हुए समाज की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। साथ ही चेयरमैन उच्च न्यायालय किशोर न्याय समिति द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करने एवं आवश्यक कार्यवाही करने हेतु भी निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान संजय कुमार नायक क्राफ्ट प्रशिक्षक, शिवशंकर लाल केयर टेकर, अरविन्द यादव केयर टेकर, हेमन्त कुमार मौर्या काउंसलर, आउटसोर्सिंग, विजय कुमार काउंसलर, आउटसोर्सिंग, आशीष निषाद स्टोरकीपर आउटसोर्सिंग एवं दीपक जायसवाल स्टोरकीपर आउटसोर्सिंग सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

