लखनऊ 14 नवंबर (आरएनएस )। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शुक्रवार को चिकित्सा शिक्षा एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभागों की विस्तृत समीक्षा बैठक में कहा कि प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अस्पतालों में दवाओं, आधुनिक उपकरणों और पर्याप्त मानव संसाधन की उपलब्धता सुनिश्चित करना शीर्ष प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।लोहिया संस्थान के विस्तारीकरण पर उप मुख्यमंत्री ने बताया कि संस्थान में 1000 अतिरिक्त बेड जोड़े जा रहे हैं, जिसके बाद यह प्रदेश के सबसे बड़े चिकित्सा संस्थानों में शामिल होगा। इसके साथ ही एक अत्याधुनिक सिम्युलेटर मॉडल स्थापित किया जाएगा, जिससे मेडिकल छात्रों को आधुनिक प्रशिक्षण प्राप्त होगा और मरीजों को उपचार की उन्नत सुविधाएँ मिलेंगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के बड़े मेडिकल संस्थानों से लेकर मंडलीय और जिला अस्पतालों तक स्वास्थ्य ढांचे को तेजी से उन्नत किया जा रहा है, ताकि जनता को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएँ उपलब्ध हों।प्रयागराज मंडल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर चर्चा के दौरान उप मुख्यमंत्री ने बताया कि मंडल के छह जनपदों के सात प्रमुख अस्पतालों को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। यहाँ क्रिटिकल केयर यूनिट स्थापित होंगी और टेलीमेडिसिन सेवाएँ शुरू की जाएँगी, जिससे दूरदराज के मरीज भी विशेषज्ञ चिकित्सकों की सलाह आसानी से प्राप्त कर सकेंगे।बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अस्पतालों में दवाओं की उपलब्धता निर्बाध बनी रहे, उपकरणों की मरम्मत और प्रतिस्थापन समयबद्ध तरीके से हो तथा चिकित्सकीय स्टाफ की तैनाती हर स्थिति में सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि जनता को सर्वोत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराना सरकार की स्पष्ट प्रतिबद्धता है और विभाग इस दिशा में पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।समीक्षा बैठक में चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव अमित कुमार घोष, सचिव अपर्णा यू, सचिव ऋतु महेश्वरी, विशेष सचिव धीरेन्द्र सचान, महानिदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य रतनपाल सुमन सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

