भाजपा ने बिहार चुनाव में एनडीए की प्रचंड जीत पर बांटी मिठाई
बाराबंकी 14 नवंबर (आरएनएस )। बिहार राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली प्रचंड जीत से भाजपाई गदगद हैं। शुक्रवार को बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा कार्यालय पर जहां भाजपाइयों ने मिठाई बांट जीत का जश्न मनाया। वहीं, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं विजयलक्ष्मी आई हॉस्पिटल के निदेशक डॉ विवेक सिंह वर्मा ने भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। श्री वर्मा ने कहा कि बिहार की जनता ने एक बार फिर विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद के पक्ष में अपना स्पष्ट जनादेश दिया है। उन्होंने जोर दिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और पार्टी की नीतियों पर जनता का भरोसा लगातार मजबूत हो रहा है। यह जीत दर्शाती है कि जनता अब राजनीति के शोर में नहीं, बल्कि विकास के कार्यों में विश्वास करती है। उन्होंने आगे कहा कि बिहार की यह ऐतिहासिक जीत पूरे देश में एक सकारात्मक संदेश दे रही है। इससे स्पष्ट है कि भाजपा का संगठनात्मक ढांचा, कार्यकर्ताओं की मेहनत और शीर्ष नेतृत्व की नीतियां जनता के दिलों तक पहुंच रही हैं। उन्होंने इस विजय को केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि नए भारत के निर्माण की दिशा में बढ़ाया गया एक मजबूत कदम बताया। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार में हो रहे लगातार विकास कार्यों और बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों को देखते हुए वोट के माध्यम से अपना फैसला सुनाया है। बिहार में कुर्मी वोटरों के अलावा अति पिछड़ी जातियों, दलितों और एम.वाई (महिला-युवा) फैक्टर ने नीतीश कुमार की विकास नीति पर पूरा भरोसा जताया। जिसका लाभ एनडीए को मिला। वहीं निर्वतमान सांसद उपेन्द्र सिंह रावत ने कहा कि बिहार की जनता ने प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और नीतीश सरकार में विश्वास जताकर मतदान किया, जिसके परिणामस्वरूप यह प्रचंड जीत हासिल हुई है। भाजपा जिलाध्यक्ष अरविन्द कुमार मौर्य ने कहा कि आने वाले समय में भाजपा जनकल्याणकारी योजनाओं को और मजबूती से लागू कर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से इस जीत को ऊर्जा के रूप में लेकर संगठन को और सशक्त बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष संदीप गुप्ता, भाजपा नेत्री नीता अवस्थी, अरविन्द वर्मा, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामू वर्मा, नवीन सिंह राठौर, विजय आनंद बाजपेई, आशुतोष अवस्थी, शिवस्वामी वर्मा,नीता अवस्थी, नवीन राठौर, सूरज सिंह शशी भुर्जी, मनीष गौतम, तुषार आदि कई भाजपा कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

