जिला अस्पताल में लगा निशुल्क शिविर, सैकड़ों मरीजों की हुई जांच
बाराबंकी 14 नवंबर (आरएनएस ) विश्व मधुमेह दिवस एवं राष्ट्रीय कैंसर जागरूकता दिवस के अवसर पर जनपद में स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय (पुरुष), बाराबंकी में शुक्रवार को एक निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का भव्य आयोजन किया गया। शिविर का नेतृत्व प्रभारी सीएमएस डॉ. बी.पी. सिंह एवं अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. डी.के. श्रीवास्तव ने किया। दोनों अधिकारियों ने लोगों से नियमित जांच, संतुलित आहार एवं तंबाकू मुक्त जीवन शैली अपनाने पर जोर देते हुए कहा कि शुरुआती पहचान ही गंभीर बीमारियों से बचाव का सबसे बड़ा उपाय है। शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे, जहां मधुमेह, उच्च रक्तचाप, कैंसर एवं तंबाकू जनित रोगों की जांच की गई। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं, परामर्श और जागरूकता संबंधी सामग्री प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, मरीजों में बढ़ते मधुमेह, बीपी और तंबाकू जनित समस्याओं को देखते हुए ऐसे शिविर लोगों के लिए बेहद सहायक साबित हो रहे हैं। कार्यक्रम में एनसीडी कार्यक्रम टीम की सक्रिय भूमिका रही। टीम में साइकोलॉजिस्ट संजय कुमार, डॉ. संजीव आहूजा, अभिषेक मिश्रा, गज़़ल फ़ातिमा, तेज प्रकाश और सोनम श्रीवास्तव शामिल रहे, जिन्होंने जागरूकता एवं स्वास्थ्य परामर्श में महत्वपूर्ण योगदान दिया। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि जनपद में गैर-संचारी रोगों की रोकथाम के लिए आगे भी ऐसे शिविर लगातार आयोजित किए जाएंगे, जिससे आमजन को समय पर स्वास्थ्य जांच और उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

