नशे में था ट्रैक्टर चालक, सीपीआर देकर बचाने की कोशिश, परिजनों ने कार्रवाई की मांग की
रामनगर, बाराबंकी 14 नवंबर (आरएनएस )। जनपद बाराबंकी के रामनगर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत निजामुद्दीनपुर निवासी 21 वर्षीय रवि शंकर रावत की गुरुवार देर शाम एक भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। रवि लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित एक इंटरलॉकिंग फैक्ट्री में मजदूरी करता था। जानकारी के अनुसार, वह चार अन्य मजदूरों के साथ इंटरलॉकिंग टाइल्स उतारकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से वापस लौट रहा था। भागूखेड़ा सिसेंडी मार्ग पर पहुंचते ही ट्रैक्टर अचानक अनियंत्रित हो गया और करीब 100 मीटर दूर तालाब में जा गिरा। ट्रॉली पलटने से रवि ट्रैक्टर के नीचे दब गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही मोहनलालगंज पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी ने स्वयं ट्रैक्टर के नीचे दबे रवि को बाहर निकलवाया और उसे ब्च्त् देकर उसकी सांसें बहाल करने की कोशिश की, लेकिन स्थिति अत्यंत गंभीर होने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रवि की मौत हो गई। हादसे में तीन अन्य मजदूर संदीप, शिवराम और संतोष भी घायल हुए हैं, जिनका इलाज जारी है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक दिलेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में ले लिया गया है और हादसे के बाद मौके से फरार चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों का आरोप है कि चालक नशे में था, जिसके कारण यह भीषण हादसा हुआ। शुक्रवार सुबह जब रवि का शव गांव पहुंचा तो कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। इंटरलॉकिंग फैक्ट्री के मालिक भी अस्पताल पहुंचे और परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और परिजन दोषी चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

