सड़क सुरक्षा के लिए प्रशासन की त्वरित और प्रभावी कार्रवाई
हादसों पर लगाम के लिए संकेतक, लाइटिंग व रंबल स्ट्रिप जैसी प्रमुख व्यवस्थाएँ दुरुस्त
बाराबंकी 14 नवंबर (आरएनएस )। सड़क सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने इस वर्ष राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिन्हित ब्लैक स्पॉट्स पर तेजी से सुधारात्मक कदम उठाए हैं। वर्ष 2024 से अक्टूबर 2025 के बीच जिन स्थलों पर दुर्घटनाएँ अधिक हुई थीं, वहाँ कारणों की पहचान कर चरणबद्ध तरीके से कार्य किए गए हैं। जिला प्रशासन व एनएचएआई की संयुक्त कार्रवाई में 14 प्रमुख ब्लैक स्पॉट्स पर स्ट्रीट लाइट, कैट आई, यलो ब्लिंकर पोल, रंबल स्ट्रिप, साइनेज बोर्ड, टी-जंक्शन बोर्ड तथा रोड मार्किंग जैसे कार्य पूर्ण हो चुके हैं। कई स्थानों पर पेड़ों की कटिंग, सर्विस लेन मरम्मत और स्पीड टेबल भी बनाया गया है। लखनऊ-अयोध्या मार्ग पर दारापुर कट, रसौली, दादरा, प्रतापगंज, बघौरा, पल्हरी, प्यारेपुर सरैया और दिलौना मोड़ जैसे स्थानों पर दुर्घटनाओं का मुख्य कारण संकेतक बोर्डों की कमी, टूटी सर्विस लेन, ओवरस्पीडिंग और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था का न होना पाया गया था। इन स्थानों पर ज्यादातर कार्य पूरे कर दिए गए हैं तथा शेष पर टेंडर की अंतिम प्रक्रिया जारी है। जिले में वर्ष 2025 में कुल 29 ब्लैक स्पॉट चिन्हित हैं। इनमें 22 एनएचएआई, 2 एनएच, 4 निर्माण खंड-3 और 1 प्रांतीय खंड के अंतर्गत आते हैं। निर्माण खंड-3 के तीन ब्लैक स्पॉट व प्रांतीय खंड के एक ब्लैक स्पॉट पर अल्पकालिक सुधार किया जा चुका है, जबकि दीर्घकालिक सुधार के लिए 8.63 लाख रुपये का बजट प्रेषित कर दिया गया है। जिला प्रशासन का कहना है कि सभी प्रमुख ब्लैक स्पॉट पर सुधार कार्य पूर्ण होने से सड़क दुर्घटनाओं में उल्लेखनीय कमी दर्ज की जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

