सुलतानपुर ,02 मई (आरएनएस)। सदर तहसील स्थित आपूर्ति कार्यालय एक बार फिर गंभीर आरोपों के घेरे में है। कंप्यूटर ऑपरेटर शुभम सिंह पर एक पीडि़ता ने राशन कार्ड बनवाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप लगाया है।
पीडि़ता जो कुड़वार ब्लॉक के कमालपुर गांव की निवासी हैं का कहना है कि उन्होंने करीब दो वर्ष पहले नया राशन कार्ड बनवाने के लिए अपने दस्तावेजों के साथ 1000 रुपये नकद कंप्यूटर ऑपरेटर को दिए थे। उस समय उन्हें भरोसा दिलाया गया कि एक महीने के भीतर राशन कार्ड बन जाएगा। हालांकि समय बीतता गया और हर बार कार्यालय पहुंचने पर उन्हें सिर्फ बन जाएगा का आश्वासन ही मिलता रहा। दो साल गुजर जाने के बाद भी न तो राशन कार्ड बना और न ही उनके पैसे वापस किए गए। पीडि़ता लगातार सदर तहसील आपूर्ति कार्यालय के चक्कर काट रही हैं, लेकिन अब तक उनकी सुनवाई नहीं हुई है। इस मामले ने विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वहीं जिला पूर्ति अधिकारी जीवेश मौर्या की कार्यशैली भी चर्चा में है। सवाल उठ रहा है कि आखिर ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई क्यों नहीं हो रही और जिम्मेदार अधिकारियों पर मेहरबानी क्यों बनी हुई है। प्रदेश सरकार जहां जीरो टॉलरेंस की नीति का दावा करती है, वहीं सुलतानपुर में पूर्ति विभाग की लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप इन दावों की पोल खोलते नजर आ रहे हैं। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और आरोपित कंप्यूटर ऑपरेटर के खिलाफ कब तक कार्रवाई होती है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

