मोबाइल लोकेशन ट्रैक कर एनआईए की टीम उत्तर दिनाजपुर पहुंची
जगदीश यादव
कोलकाता,15 नवंबर (आरएनएस)। अल फलाह यूनिवर्सिटी में डर का माहौल देखने को मिल रहा है। बड़ी संख्या में छात्र हॉस्टल खाली करने को मजबूर हो रहे हैं।अल फलाह यूनिवर्सिटी के नाम से लोग दहशत में हैं। वहीं पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दालखोला से अल-फलाह विश्वविद्यालय के एक छात्र को गिरफ्तार किए जाने की घटना को लेकर हड़कंप मच गया है। अधिकारिक सूत्रों ने उक्त जानकारी दी है। गिरफ्तार एमबीबीएस के छात्र का नाम निसार आलम है। उसे राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया है। पंजाब के लुधियाना में रहने वाले निसार आलम का एनआईए के अधिकारियों ने मोबाइल टावर लोकेशन को ट्रैक किया और इसके बाद, केंद्रीय खुफिया एजेंसी के अधिकारी शुक्रवार को दालखोला पहुंचे व उसे गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि, वैसे आलाम का पैतृक घर दालखोला के कोनाल गांव में है। कोनाल के कुछ स्थानीय लोगों ने फोन पर आज बताया, आलम और उसके परिवार के अन्य सदस्य समय-समय पर अपने रिश्तेदारों से मिलने कोनाल आते रहते थे। हमने पाया है कि वह बेहद मिलनसार और मृदुभाषी युवक है। हम कभी भी उसके उग्रवादी गतिविधियों से जुड़े होने का अनुमान नहीं लगा सकते थे। खबर के लिखे जाने तक गिरफ्तार आलम से इस्लामपुर थाना ले जाकर कई घंटों तक पूछताछ की गई, जिसके पश्चात उसे दार्जिलिंग जिले के सिलीगुड़ी भेज दिया गया। वहीं गिरफ्तार आलम को ट्रांजिट रिमाण्ड पर दिल्ली ले जाने की तैयारी की जा रही थी। बता दे कि, फरीदाबाद में भारी मात्रा में विस्फोटकों के मिलने और दिल्ली के लाल किले के पास हुए भयानक धमाके के तार फरीदाबाद स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय से जुड़ रहे हैं। पिछले कुछ दिनों में चौंकाने वाली घटनाओं के बाद से यह संस्थान राष्ट्रीय सुर्खियों में आया है। पिछले कुछ दिनों में पुलिस टीमों ने फरीदाबाद के धौज स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय परिसर का कई बार दौरा किया है। इस दौरान 52 डॉक्टरों से पूछताछ की गई है। हरियाणा के फऱीदाबाद जिले के धौज क्षेत्र में स्थित अल-फलाह विश्वविद्यालय हाल के दिनों में देशव्यापी चर्चा में है। दिल्ली में हुए विस्फोट में 12 लोगों की मृत्यु और अनेक घायल होने के बाद वहां से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद होने की घटनाएं सामने आईं, जिसके बाद जांच एजेंसियां परिसर में लगातार निरीक्षण कर रही हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

