विकासनगर,16 नवंबर (आरएनएस)। यूपीसीएल ने मरम्मत कार्य के लिए विद्युत वितरण खंड विकासनगर से जुड़े फीडरों से अलग-अलग दिनों में बिजली आपूर्ति बाधित रखने का शेड्यूल जारी किया है। 17 नवंबर (आज) से 25 नंवबर तक अलग-अलग फीडरों में बेयर कंडक्टर से ट्रिपल एसी कंडक्टर में बदलने का कार्य शुरू होगा, जिसके चलते आज टिमली फीडर से जुड़े इलाकों में सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक छह घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। आज और कल टिमली फीडर से जुड़े टिमली, धर्मावाला, आदूवाला, कुंजा, कुल्हाल, शाहपुर, कल्याणपुर, प्रतीतपुर, जुडली, फतेहपुर आदि क्षेत्रों के उपभोक्ताओं को परेशानियां झेलनी पड़ेगी। इसके साथ ही जमनीपुर फीडर से जुड़े जमनीपुर, जमनीपुर तप्पड़, एटनबाग, लक्खनवाला, भगत सिंह कालोनी, फतेहपुर ग्रांट, बैरागीवाला, नया गांव, जस्सोवाला में भी बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। रुद्रपुर फीडर से जुड़े सभी गांवों में 17 नवंबर से 25 नवंबर तक हर दिन छह घंटे बिजली गुल रहेगी। त्यूणी फीडर से जुड़े त्यूणी बाजार, मैंद्रथ, हनोल, कथियान, अटाल, बानपुर, कांडोई भरम, कोटी कनासर, कुनैन, सावड़ा, रोटा खड्ड में भी मंगलवार को छह घंटे की बिजली कटौती की जाएगी। यूपीसीएल के अधिशासी अभियंता अमित सक्सैना ने बताया कि सर्दियों की बारिश और बर्फबारी से पहले बिजली की सभी लाइनों और फीडरों में मरम्मत कार्य किया जा रहा है, जिसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

