विकासनगर,16 नवंबर (आरएनएस)। विकासखंड के लाखामंडल क्षेत्र में इन दिनों गुलदार के कारण दहशत बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कई दिनों से गुलदार आबादी क्षेत्र के आसपास घूम रहा है और पशुओं पर हमला कर रहा है। इसके बावजूद वन विभाग कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहा है। ग्राम प्रधान बीना भट्ट ने बताया कि ग्रामीण लगातार वन विभाग को शिकायत दे रहे हैं, लेकिन अब तक स्थिति जस की तस बनी हुई है। बीती शनिवार रात को भी ग्रामीणों ने गुलदार को गांव के पास देखा जिसके बाद क्षेत्र में भय का माहौल और गहरा गया है। लाखामंडल स्कूल में पढऩे वाले लावड़ी, दत्तरोटा, भटाड़, मोठी, गोठाड़, धोरा, पुडिया समेत कई गांवों के छात्र-छात्राएं इन दिनों डर के साये में स्कूल आ-जा रहे हैं। शिक्षकों ने भी अभिभावकों से अपील की है कि वे बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने में स्वयं साथ रहें ताकि किसी भी अनहोनी से बचा जा सके। रेंज अधिकारी विनोद चौहान ने बताया कि वन विभाग की टीम सुबह-शाम गश्त कर रही है। अभी तक गुलदार का प्रत्यक्ष सामना नहीं हुआ है, लेकिन एहतियातन निगरानी बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि पिंजरा लगाने के लिए डीएफओ को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

