साइबर ठगों ने 3 लोगों को ठंडा, कुल 16.25 लाख रुपये की ठगी
प्रयागराज 17 नवंबर (आरएनएस)। साइबर ठगों ने शहर के तीन लोगों को अलग-अलग झांसे देकर कुल 16.25 लाख रुपये की चपत लगा दी। ठगों ने होटल बुकिंग, बैंकिंग हेल्प डेस्क और शेयर मार्केट में निवेश का लालच देकर रुपये उड़ा लिए। सभी मामलों में साइबर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कैंट थाना क्षेत्र के राजापुर निवासी अधिवक्ता विष्णु नारायण पांडेय ने बताया कि उनके साथी विनायक ने पांच नवंबर को ऑनलाइन होटल बुकिंग का प्रयास किया था। इसी बीच खुद को होटल एजेंट बताने वाले व्यक्ति ने व्हॉट्स ऐप पर बुकिंग लिंक भेजी और ओटीपी मांगकर विनायक के क्रेडिट कार्ड से चार बार में कुल 1.70 लाख रुपये ट्रांसफर कर लिए।
इसी प्रकार करेली निवासी ताहिर खान ने बताया कि उनका बैंक खाता कई महीनों से बंद था। बैंक से संपर्क करने के लिए निकाले गए ऑनलाइन नंबर पर फोन करने पर ठग ने खुद को बैंक कर्मी बताया और मोबाइल में सेटिंग्स करवा कर एपीके फाइल डाउनलोड करने को कहा। इसके जरिए खाते से 6.24 लाख रुपये निकाल लिए गए और उनके नाम पर लोन भी स्वीकृत करा लिया गया।
उधर, उतरांव थाना क्षेत्र के बरेठी गांव की अनीता उपाध्याय के साथ ठगों ने टेलीग्राम के जरिये 8.31 लाख रुपये की ठगी कर ली। अंजान नंबरों से आए संदेशों में उन्हें कम समय में अधिक मुनाफे का लालच दिया गया था। पुलिस का कहना है कि सभी तीनों मामलों में जांच जारी है और साइबर ठगों की तलाश के लिए तकनीकी साक्ष्य खंगाले जा रहे हैं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

