पहली बार जीपीएस से होगी मॉनिटरिंग, देश भर के धावक होंगे शामिल
प्रयागराज 17 नवंबर (आरएनएस)। प्रयागराज में हर साल की तरह इस वर्ष भी अखिल भारतीय इन्दिरा मैराथन का आयोजन 19 नवम्बर को किया जाएगा। इस बार प्रतियोगिता में पहली बार धावकों की जीपीएस चिप के माध्यम से मॉनिटरिंग की जाएगी। इससे प्रतिभागियों के चयन और परिणाम प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित की जाएगी। इस बार आयु सीमा भी घटा के 21 वर्ष से 18 वर्ष कर दी गयी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान डीएम मनीष कुमार वर्मा ने बताया कि 19 तारीख को होने वाली मैराथन की सभी तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि धावकों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए दौड़ मार्ग पर विशेष प्रबंध किए गए हैं। जिलाधिकारी के अनुसार, शहर के विभिन्न हिस्सों में पुलिस और ट्रैफिक व्यवस्था को मजबूत किया गया है। सड़कों के गड्ढों को भर देने के साथ ही दौड़ मार्ग पर जगह-जगह रूट मार्किंग भी कर दी गई है, ताकि धावकों को किसी तरह की बाधा या भ्रम का सामना न करना पड़े।
पुरुष और महिला दोनों वर्गों के लिए मैराथन की दूरी 42.195 किलोमीटर तय है। दौड़ की शुरुआत आनंद भवन से होगी और तेलियरगंज, म्योहाल चौराहा, हाईकोर्ट, हनुमान मंदिर, सीएमपी कॉलेज, बैहराना नया पुल, महेवा रोड तिराहा, मामा-भांजा चौराहा और दादूपुर (भारत पेट्रोलियम) तक जाकर फिर उसी मार्ग से वापस स्टेडियम में समाप्त होगी। देशभर से बड़ी संख्या में धावक इस दौड़ में हिस्सा लेते हैं।
पहली बार धावकों की मॉनिटरिंग चिप के माध्यम से की जाएगी। इसके लिए सभी प्रतिभागियों को जीपीएस चिप लगाई जाएगी, जिससे उनकी सही दूरी, गति, और समय का सटीक रिकॉर्ड मिल सके। इस तकनीक से दौड़ की पूरी निगरानी लाइव रहेगी और परिणामों में किसी भी तरह की गलती या विवाद की संभावना समाप्त हो जाएगी।
दौड़ के सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन और खेल विभाग की ओर से पूरी तैयारियां की जाती हैं। विभिन्न विभाग, सामाजिक संस्थाएं और स्थानीय लोग भी आयोजन में सहयोग देते हैं।
बाक्स
कुल 14 नकद पुरस्कार
प्रयागराज। खेल विभाग उत्तर प्रदेश की ओर से विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है
प्रथम पुरस्कार: 2 लाख
द्वितीय पुरस्कार: 1 लाख
तृतीय पुरस्कार: 40 हजार
सांत्वना पुरस्कार: 11-11 खिलाडिय़ों को 10,000 प्रत्येक
कुल मिलाकर 9 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की जाती है। साथ ही, तृतीय पुरस्कार राशि में कमी होने के कारण प्रशासन ने जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति से 35,000 अतिरिक्त स्वीकृत किए हैं। इस प्रकार तृतीय स्थान प्राप्त खिलाडिय़ों को कुल 75,000 दिए जाएंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

