चुनाव ड्यूटी से नाम कटवाने के लिए बिजनौर के डीएम और एसडीएम को किया कॉल
प्रयागराज 17 नवंबर (आरएनएस)। प्रयागराज में तैनात जज के नाम का दुरुपयोग करते हुए फर्जी सिफारिश करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि एक महिला की चुनाव ड्यूटी कटवाने के लिए अज्ञात शख्स ने जज बनकर बिजनौर जिले के डीएम- एसडीएम को कॉल किया। जानकारी पर जज की ओर से कर्नलगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जज जिला न्यायालय में तैनात हैं। 18 अगस्त 2025 को उप जिलाधिकारी, धामपुर (बिजनौर) कार्यालय से उन्हें सूचना मिली कि एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कोई व्यक्ति उनके नाम से फोन कर रहा है। साथ ही बिजनौर जिले के कई आला अफसरों को फोन कर निर्वाचक नामावली वृहद पुनरीक्षण 2025 अभियान में नियुक्त सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी प्रीति गुप्ता की ड्यूटी हटवाने के लिए दबाव बना रहा है। न्यायिक अफसर ने बताया कि उक्त मोबाइल नंबर उनका नहीं है और न ही उन्होंने कोई कॉल की है।
टू-कॉलर पर लिखा न्यायिक अधिकारी का नाम जज ने पुलिस को बताया, जब मोबाइल नंबर को टू-कॉलर पर चेक किया गया तो उसमें चीफ ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट का नाम डिस्प्ले होता मिला।
इसके अलावा जज जब अदालत पहुंचे तो 10 नवंबर को उनकी कोर्ट के पते पर एक स्पीड पोस्ट पहुंचा। यह बेंगलुरु निवासी विपिन कुमार ने भेजी थी। पत्र में दावा किया गया था कि आयुष जैन नाम का व्यक्ति उक्त नंबर का उपयोग कर रहा है और उनके नाम पर अधिकारियों से अनुचित कार्य करवाने की कोशिश कर रहा है। उधर तहरीर मिलने के बाद कर्नलगंज पुलिस ने अज्ञात नंबर धारक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
पुलिस ने मामले की जांच भी शुरू कर दी है। इसके तहत मोबाइल नंबर का केवाईसी व सिम एक्टिवेशन डाटा कलेक्ट किया जा रहा है। आईपी लॉग व ईमेल वेरिफिकेशन भी कराया जा रहा है। कॉल डिटेल रिकॉर्ड का भी एनालिसिस करने की तैयारी है। इसके अलावा स्पीड पोस्ट जो जज के कोर्ट के पते पर भेजी गई, के संबंध में भी जानकारी जुटाने का काम शुरू कर दिया गया है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

