प्रयागराज 17 नवंबर (आरएनएस)। सोरांव थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह करीब 4.30 बजे एक सड़क हादसे में ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि खलासी घायल हो गया। यह घटना कलंदरपुर इलाके के बनकट गांव के सामने हंडिया-कोखराज राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब 6 बजे एक खड़ी ट्रेलर में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही ट्रक चालक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर सोरांव पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल खलासी को तुरंत सीएचसी सोरांव भेजा, जहां उसका इलाज चल रहा है। मृतक के शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्यवाही करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
मृतक की पहचान राहुल गोस्वामी (29) पुत्र कार्तिक नाथ, निवासी अकोनी, थाना डोभी, जनपद गया, बिहार के रूप में हुई है। वह पंजाब से आलू लादकर पश्चिम बंगाल जा रहा था। घायल खलासी महताब खान पुत्र मुरसलीन ने सोरांव थाने में अज्ञात ट्रेलर चालक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

