मेरठ 18 नवंबर (आरएनएस )। मंगलवार की दोपहर परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े आधा दर्जन बदमाशों ने व्यापारी के कर्मचारी से स्कूटी लूट ली। स्कूटी की डिग्गी में डेढ़ लाख का कैश भी था। घटना की जानकारी के बाद अधिकारियों में हड़कंप मच गया। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।
परीक्षितगढ़ कस्बा निवासी विपिन पुत्र लखीमचंद की गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के पास बालाजी भोग के नाम से आटा मिल है। दुकान से कुछ दूरी पर ही विपिन के प्लाट में निर्माण कार्य चल रहा है। विपिन के मुताबिक मंगलवार को उनकी दुकान का कर्मचारी जेई गांव निवासी शेर मोहम्मद विपिन की नई स्कूटी लेकर किसी काम से प्लॉट पर जा रहा था।
आरोप है कि इसी दौरान रास्ते में आधा दर्जन बदमाशों ने शेर मोहम्मद के साथ मारपीट करते हुए स्कूटी लूट ली। शेर मोहम्मद द्वारा घटना की जानकारी दिए जाने पर विपिन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने विपिन और शेर मोहम्मद से पूछताछ की। विपिन ने बताया कि वह घर से किसी काम के लिए डेढ़ लाख कैश लेकर आए थे। यह कैश भी स्कूटी की डिग्गी में ही था। डेढ़ लाख की लूट की सूचना मिलते ही अधिकारियों के भी होश उड़ गए। एसपी देहात ने बताया कि बदमाशों की तलाश में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

