आजमगढ़ 31 माई (आरएनएस)उपनिरीक्षक चन्द्र प्रकाश कश्यप, चौकी प्रभारी कचहरी द्वारा थाना कोतवाली नगर, जनपद आजमगढ़ पर लिखित सूचना दी गई कि कुछ तथाकथित वकील एवं जमानतदार अनुचित आर्थिक लाभ अर्जित करने के उद्देश्य से डकैती, लूट, हत्या, चोरी, नकबजनी, गैंगस्टर एक्ट एवं अवैध शस्त्र जैसे गंभीर अपराधों में न्यायिक अभिरक्षा में निरुद्ध अभियुक्तों से मिलीभगत कर कूटरचित अभिलेखों का प्रयोग कर रहे थे। जांच के दौरान यह तथ्य प्रकाश में आया कि एक ही जमानतदार द्वारा एक ही प्रकार के प्रपत्रों का उपयोग करते हुए कई अभियुक्तों की जमानतें कराई गईं, जिससे एक संगठित गिरोह के सक्रिय होने की पुष्टि हुई।
प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना कोतवाली नगर पर मु0अ0सं0- 267/2026 धारा 319(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 111 एवं 61(2) बीएनएस बनाम रामचन्द्र यादव उर्फ मैकू एवं दयाराम के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया ।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आजमगढ़ डॉ अनिल कुमार के निर्देश में वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी सगड़ी के पर्यवेक्षण में थाना कोतवाली पुलिस टीम द्वारा प्रभावी कार्यवाही करते हुए मुकदमा उपरोक्त से संबंधित वांछित अभियुक्त रामचन्द्र यादव उर्फ मैकू यादव उर्फ सत्यम यादव पुत्र स्वर्गीय कन्हैया यादव निवासी ग्राम भरौली, थाना जीयनपुर, जनपद आजमगढ़ को दिनांक 30.05.2026 को जनपद कारागार गोरखपुर के समीप से समय करीब 21:35 बजे गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। आजमगढ़ पुलिस द्वारा न्यायिक प्रक्रिया में बाधा उत्पन्न करने वाले एवं फर्जी अभिलेखों के माध्यम से अपराधियों को लाभ पहुंचाने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

