लखनऊ 18 Nov, (आरएनएस )।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में स्वास्थ्य सेवाओं की हालत बद से बदतर होती जा रही है और सरकार की लापरवाही चरम पर पहुँच चुकी है। प्रदेश की जनता इलाज के लिए भटक रही है, जबकि सरकार झूठे दावों और प्रचार में व्यस्त है।अखिलेश यादव ने औरैया के 420 बेड वाले मेडिकल कॉलेज का जिक्र करते हुए कहा कि वहां 100 बेड का भी पूरा स्टाफ उपलब्ध नहीं है, जिससे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेठी में स्पष्ट प्रतिबंध होने के बावजूद डॉक्टर मरीजों को बाहर की दवाएँ लिख रहे हैं, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।पीलीभीत जिला महिला अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच के लिए एक महीने का इंतजार मरीजों की तकलीफ को और बढ़ा रहा है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने बजट की लूट और भ्रष्टाचार को चरम पर पहुँचा दिया है, लेकिन यही सरकार महीनों से किराए पर चल रहे स्वास्थ्य केंद्रों का किराया तक नहीं दे पा रही। उन्होंने कहा कि बजट के नाम पर बंदरबांट हो रहा है और मेडिकल उपकरणों व जरूरी सामान की खरीद में खुली कमीशनखोरी जारी है।पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि राजधानी लखनऊ तक के बड़े अस्पतालों में गंभीर मरीजों को बेड और वेंटिलेटर के लिए घंटों और कभी-कभी दिनों तक भटकना पड़ता है। हजारों की संख्या में डॉक्टर, नर्स और तकनीकी स्टाफ के पद खाली पड़े हैं, लेकिन नौ वर्षों से सत्ता में होने के बावजूद भाजपा सरकार इन रिक्तियों को भरने में विफल रही है।अखिलेश यादव ने एंबुलेंस व्यवस्था को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए एंबुलेंस मिलना भी मुश्किल हो गया है। मुडेरवा में एंबुलेंस का इंतजार करते हुए एक मासूम बच्चे की मौत इस अव्यवस्था की सबसे दर्दनाक मिसाल है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह विफल रही है और केवल चुनावों में बेईमानी कर सत्ता पर काबिज होने पर केंद्रित है।अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में जनता की मौतों का कोई हिसाब नहीं है क्योंकि सरकार को न जनता के जीवन की चिंता है और न ही उसके अधिकारों की। प्रदेश में कुशासन और भ्रष्टाचार की स्थिति इतनी भयावह है कि पूरी सरकारी मशीनरी सत्ता पक्ष की सुविधा के अनुसार काम कर रही है, जबकि आम लोग अस्पतालों से लेकर दफ्तरों तक परेशान घूमते रहते हैं।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जब पूरी सरकार ही भ्रष्टाचार में डूबी हो, तो जनता के हित में काम होना संभव नहीं है। प्रदेश की जनता आज बेहाल, परेशान और व्यवस्था से पूरी तरह निराश है।
————————-

