पटना 19 Nov, (Rns): बिहार की राजनीति में एक बार फिर नीतीश कुमार की ताजपोशी की तैयारी पूरी हो गई है। एनडीए (NDA) विधायक दल का नेता चुने जाने के तुरंत बाद नीतीश कुमार ने राजभवन जाकर राज्यपाल से मुलाकात की। उन्होंने तकनीकी तौर पर मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंप दिया है और साथ ही नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है।
नीतीश कुमार के नेतृत्व में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कल पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा। इस भव्य समारोह में नीतीश कुमार एक बार फिर बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। प्रशासन ने शपथ ग्रहण को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं।
इससे पहले, विधान भवन में एनडीए के सभी नवनिर्वाचित विधायकों की एक अहम बैठक हुई। बैठक में भाजपा नेता सम्राट चौधरी ने नीतीश कुमार को एनडीए विधायक दल का नेता बनाने का प्रस्ताव रखा। इस प्रस्ताव का वहां मौजूद सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से समर्थन किया।
गौरतलब है कि हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) ने प्रचंड जीत हासिल की है। 243 सदस्यों वाली बिहार विधानसभा में एनडीए ने 202 सीटों पर कब्जा जमाया है, जो एक बहुत बड़ा बहुमत है।

