इंदौर 19 Nov, (Rns) । मुंबई में हुए एक कार्यक्रम में इंदौर के सांसद शंकर लालवानी का ऐसा रंगीन अंदाज़ देखने को मिला, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी। आमतौर पर सादगी और शांत स्वभाव के लिए पहचाने जाने वाले लालवानी इस बार मंच पर बिल्कुल अलग ही रूप में नज़र आए।
लोकप्रिय सिंधी गायक स्वर्गीय मास्टर चंद्र की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में जैसे ही युवा सिंधी गायक मोहित लालवानी ने अपनी प्रस्तुति शुरू की, पूरा माहौल झूम उठा। इसी दौरान सांसद शंकर लालवानी मंच पर पहुंचे और फिल्म अभिनेत्री एवं पूर्व मिस इंडिया सिमरन आहूजा के साथ ताल पर जमकर थिरकने लगे।
स्टेज पर सांसद और अभिनेत्री का यह डांस देखकर दर्शकों में उत्साह चरम पर पहुंच गया। लोगों ने सीटियां बजाईं, मोबाइल कैमरे ऑन हुए और कुछ ही मिनटों में यह वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया।

