देहरादून,19 नवंबर (आरएनएस)। 78वीं लाल नेमी दास मेमोरियल फुटबॉल लीग चैंपियनशिप – 2025 के अंतर्गत खेले गए मुकाबलों में सिटी यंग्स फुटबॉल क्लब और ग्राफिक ऐरा फुटबॉल क्लब ने मैच जीत लिया। बुधवार को पवेलियन मैदान में दो मैच खेले गए। पहला मैच सीटी यंग्स फुटबॉल क्लब व विल्स यूथ फुटबॉल क्लब के बीच खेला गया। पहले मैच में सीटी यंग्स फुटबॉल क्लब ने विल्स यूथ फुटबॉल क्लब को 3-1 से हराकर मैच अपने नाम किया। मैच का पहला गोल 13वें मिनट में सिटी यंग्स के भूपेंद्र सिंह ने किया। 47वें मिनट में विल्स युथ के दिव्यांश ने एक गोल कर मैच का स्कोर 1-1 से बराबरी पर ला दिया। सिटी यंग्स के अतुल ने 48 वें मिनट में एक गोल कर अपनी टीम को 2-1 से आगे किया। मैच के 59वें मिनट में अतुल ने एक और गोल कर अपनी टीम की जीत सुनिश्चित की और मैच का स्कोर 3-1 कर दिया। सिटी यंग्स ने मैच जीत कर पूरे तीन अंक अर्जित किये। आज दूसरे मैच में ग्राफिक ऐरा फुटबॉल क्लब ने विजय कैन्ट स्पोर्टिंग क्लब को 2-0 से पराजित किया। मैच का पहला गोल ग्राफिक इरा के खिलाड़ी डेको ने सातवें मिनट में किया और टीम को 1-0 से आगे किया। विजय कैन्ट ने वापसी की भरपूर कोशिश की लेकिन मैच में वापसी नहीं कर सके। मैच का पहला हाफ 1-0 के स्कोर पर समाप्त हुआ। मैच के दूसरे हाफ में ग्राफिक ऐरा के शाश्वत ने 48 वें मिनट में एक और गोल कर अपनी टीम को 2-0 की बढ़त दिलाई। ग्राफिक ऐरा द्वारा यह मैच 2-0 के स्कोर से जीत लिया। विशिष्ट अतिथि धीरेंद्र सिंह पवार ने खिलाडिय़ों से परिचय प्राप्त किया। गुरुवार को दो मैच वुल्फ फुटबॉल क्लब व डीएम के फुटबॉल क्लब के बीच 1:00 बजे व महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कालेज व दून यूनाइटेड एफसी के बीच 3:00 बजे से पवेलियन मैदान में खेले जाएंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

