रोहतक 20 Nov, (Rns) : रोहतक के काहनी गांव में वीरवार रात 23 वर्षीय सपना की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि उसका देवर साहिल (20) गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों को रात करीब पौने 11 बजे पीजीआईएमएस रोहतक ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सपना को मृत घोषित किया। साहिल अस्पताल में उपचाराधीन है। हमलावरों की संख्या चार बताई जा रही है।
घटना के समय सपना का पति सूरज शहर में ऑटो लेकर गया हुआ था। घर पर सूरज की मां, भाई, पत्नी और बेटा मौजूद थे। 22 नवंबर को सूरज के दो साल के बेटे का जन्मदिन है, जिसके लिए घर में तैयारियां चल रही थीं। सपना और सूरज ने लगभग तीन साल पहले कोर्ट मैरिज की थी, जिसे सपना के परिजनों ने स्वीकार नहीं किया था। विरोध के चलते सपना के परिवार ने दोनों को गांव में रहने से रोक दिया था।
दबाव के कारण दंपती ने गांव छोड़कर रोहतक में किराए पर रहना शुरू कर दिया था, लेकिन पिछले दो महीनों से वे फिर गांव आने-जाने लगे और वहीं रहने लगे। इसी बात को लेकर सपना के मायके पक्ष में नाराजगी मानी जा रही है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य संग्रहित किए। प्रारंभिक जांच में मामला ऑनर किलिंग का लग रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। वारदात की रात सपना ने सीसीटीवी में चार युवकों को घर की ओर आते देखा। शक होने पर वह गेट बंद करने लगी, तभी एक युवक ने गोली चला दी। बचाव के लिए आए साहिल के पेट में भी गोली लग गई। सूत्रों के अनुसार, फायरिंग करने वाला युवक सपना का भाई संजू बताया जा रहा है, जो घटना के बाद से फरार है।

