नईदिल्ली,21 नवंबर (आरएनएस)। दिल्ली में बढ़ते वायु प्रदूषण को देखते हुए अधिकतर स्कूलों ने खेल समेत बाहरी गतिविधियों पर रोक लगा दी है। स्कूलों ने यह फैसला सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को देखते हुए लिया है। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट में प्रदूषण को लेकर दायर याचिकाओं में नवंबर से जनवरी तक स्कूलों की खेल प्रतियोगिताओं को रोकने की मांग की गई थी। इसपर सुप्रीम कोर्ट ने वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) से खेलों को आगे बढ़ाने को कहा था।
गुरुवार को होई कोर्ट ने नाबालिग छात्रों द्वारा दायर एक याचिका पर सुनवाई करते हुए असामान्य रूप से सीधी टिप्पणी की थी। न्यायमूर्ति सचिन दत्ता ने सवाल उठाया था कि दिल्ली सरकार सबसे प्रदूषित महीनों में भी आउटडोर खेलों का आयोजन क्यों जारी रखे हुए है? उन्होंने कहा था कि बच्चों को नवंबर और जनवरी के बीच आउटडोर खेलों में हिस्सा नहीं लेना चाहिए और इन खतरनाक महीनों में बाहरी गतिविधियों को खेल कैलेंडर से हटाया जाना चाहिए।
दिल्ली में इस समय वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) बेहद खराब स्थिति में है और कुछ इलाकों में यह गंभीर स्थिति में पहुंच गया है। प्रदूषण की वजह से बच्चों पर इसका घातक असर पड़ रहा है। वे बाहर खेलते हैं, जिससे उनके विकसित होते फेफड़े तेजी से सांस लेकर ज्यादा प्रदूषक सोखते हैं। अध्ययनों से पता चला कि पीएम2.5 और पीएम10 के लंबे समय तक संपर्क में रहने से फेफड़ों की क्षमता कम होती है और अस्थमा हो सकता है।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

