रायपुर, 21 नवंबर (आरएनएस)। रेल यात्रियों की सुरक्षा को सुदृढ़ करने रेलवे बोर्ड ने बड़ा कदम उठाया है। सफर के दौरान सुविधाओं के साथ सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करने के लिए अब सभी कोच अटेंडेंट, ओबीएचएस, लिनेन वितरण कर्मी और अन्य संविदा कर्मचारियों का पुन: पुलिस वेरिफि केशन अनिवार्य कर दिया गया है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल कार्यालयों को निर्देश जारी किए हैं।
बोर्ड ने कहा है कि ऑनबोर्ड तैनात सभी कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन पूर्ण कर उनकी जानकारी को सीएमएम पोर्टल पर अपडेट करना अनिवार्य है। सत्यापन की यह प्रक्रिया तेज गति से पूरी कर 20 नवंबर तक संबंधित विभाग को रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही बीच-बीच में डेटा अपडेट करने पर भी जोर दिया गया है।
हाल ही में ट्रेन में एक पुलिस जवान के साथ हुई मारपीट की घटना के बाद बोर्ड ने यह कदम और सख्ती से लागू करने का फैसला लिया है। सामान्य नियमों के तहत भी कर्मचारियों का पुलिस वेरिफिकेशन आवश्यक होता है, लेकिन ताजा घटनाक्रम के चलते दोबारा सत्यापन की जरूरत महसूस की गई।
रेलवे का मानना है कि ऑनबोर्ड काम करने वाले संविदा कर्मचारी रोजाना हजारों यात्रियों के संपर्क में रहते हैं। यदि इनमें कोई आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति शामिल हो, तो यात्रियों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ सकता है। इसी कारण सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सुनिश्चित किया जा रहा है कि बिना पुलिस वेरिफिकेशन के किसी भी कर्मचारी को ड्यूटी पर नहीं लगाया जाएगा।
इस कदम से न सिर्फ यात्रियों की सुरक्षा मजबूत होगी, बल्कि रेलवे कर्मचारियों की निगरानी और कार्य प्रणाली भी अधिक पारदर्शी हो सकेगी।
००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

