0 युवक को दी धमकी
बिलासपुर, 21 अगस्त (आरएनएस)। न्यायधानी बिलासपुर के मोपका पुलिस चौकी से एक विवादित मामला सामने आया है, जहां चौकी के एक कमरे में दो आरक्षकों के शराब सेवन करते हुए दिखाई देने का वीडियो वायरल होने का दावा किया जा रहा है। वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन वायरल फुटेज को लेकर पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।
घटना के बारे में बताया जा रहा है कि एक युवक ने अपने मोबाइल फोन से चौकी परिसर में वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू किया। जब वह एक कमरे में पहुंचा, तो वहां दो आरक्षक कथित तौर पर शराब पीते हुए नजर आए। कैमरा ऑन देखकर दोनों आरक्षक भड़क गए। इसी दौरान आरक्षक संतोष राठौर ने युवक पर नाराजगी जताते हुए कथित रूप से जान से मारने की धमकी तक दे डाली।
यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। मामले को संज्ञान में लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटना की जांच कर रहे हैं और दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने की बात कही है।
0

