नदिया/काकद्वीप/मथुरापुर/कोलकाता 23 अप्रैल (आरएनएस)। बंगाल में जब एक ओर प्रथम चरण का मतदान चल रहा था तब देश के पीएम मोदी बंगाल के कृष्णानगर, काकद्वीप, मथुरापुर व कोलकाता में चुनावी सभा व रैलियों से ममता सरकार पर हमला कर रहें थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत की भविष्यवाणी की और इसका कारण मतदान के दौरान देखी गई भारी संख्या में मतदान को बताया। नादिया के कृष्णानगर में पहले चरण के मतदान के बीच एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक रूप से, अधिक मतदान भाजपा के लिए मजबूत जीत का कारण बनता है। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने एक सांस्कृतिक संदर्भ का प्रयोग किया और कहा कि भाजपा समर्थक 4 मई को मिठाई और झाल मुड़ी खाकर जश्न मनाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि हालांकि उन्हें यह नाश्ता पसंद है, झाल टीएमसी को लगी है, जिसका अर्थ है कि मतदाताओं का बढ़ता उत्साह विपक्ष को राजनीतिक रूप से नुकसान पहुंचा रहा है। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि चुनावों में अब तक हिंसा का स्तर अपेक्षाकृत कम रहा है और उन्होंने चुनाव आयोग की भूमिका की सराहना की। उन्होंने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने का आग्रह करते हुए कहा कि सभी वर्गों के लोग राज्य में बदलाव और भयमुक्त शासन के लिए मतदान कर रहे हैं। पीएम ने कहा कि, पूरे देश से लाखों लोग गंगासागर आते हैं, फिर भी आज भी यहां के लोगों को नावों पर निर्भर रहना पड़ता है। आज भी गंगासागर तक पहुंचने के लिए कोई पक्का पुल नहीं है…
पीएम मोदी ने दावा किया कि 4 मई, टीएमसी के सिंडिकेट और महाजंगलराज की एक्सपायरी डेट है। 4 मई के बाद इस लूट का पूरा हिसाब होगा। प्रधानमंत्री ने संसद का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा सरकार 2029 के लोकसभा चुनाव से महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रस्ताव लेकर आई थी, लेकिन टीएमसी ने इसके खिलाफ वोटिंग की। उन्होंने आरोप लगाया कि इस फैसले से बंगाल की महिलाओं का हक छीना गया। रैली के दौरान प्रधानमंत्री ने गंगासागर पहुंचने पर खुद को सौभाग्यशाली बताते हुए मां गंगा को नमन किया। उन्होंने कहा कि काशी और गंगा का सेवक होने के नाते इस पवित्र भूमि पर आना उनके लिए सम्मान की बात है।
पीएम मोदी ने दावा किया कि बंगाल में परिवर्तन की आंधी चल रही है। उन्होंने कहा कि पहले चरण के मतदान में जिस तरह महिलाओं और युवाओं ने टीएमसी के खिलाफ मतदान किया है, वह पूरे देश ने देखा है। उन्होंने कहा, बंपर मतदान यह संकेत दे रहा है कि भय हार रहा है और भरोसे की जीत तय है। दस दिन बाद जब मतगणना होगी, तो हर तरफ कमल ही कमल खिला होगा। उन्होंने पहली बार वोट देने वाले मतदाताओं से खास अपील करते हुए कहा कि यह सही समय है बंगाल की ‘निर्मम सरकारÓ को उखाड़ फेंकने का।
प्रधानमंत्री ने कहा कि राज्य में महिलाएं सबसे ज्यादा पीडि़त हैं और आरजी कर तथा संदेशखाली जैसी घटनाएं दिखाती हैं कि अपराधियों को संरक्षण दिया जा रहा है। बंगाल की माताएं और बेटियां जिन कठिनाइयों से गुजरी हैं, उसे वे कभी नहीं भूलेंगी।
पीएम मोदी ने कहा कि अब अत्याचार और अन्याय को और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों से टीएमसी गलत काम कर रही है। इससे पहले बंगाल ने 30 साल तक वामपंथी शासन देखा और फिर टीएमसी को तीन बार मौका दिया, लेकिन अब बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, जनधन योजना, लखपति दीदी, आयुष्मान कार्ड और पीएम किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं का लाभ देशभर में मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि टीएमसी ने केवल झूठे वादे किए। प्रधानमंत्री ने बाढ़ और चक्रवात का मुद्दा उठाते हुए कहा कि हर साल इस क्षेत्र में लोग प्रभावित होते हैं, लेकिन राज्य सरकार को उनकी कोई चिंता नहीं है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने राहत के लिए हजारों करोड़ रुपए भेजे, लेकिन वह पैसा लोगों तक नहीं पहुंचा और उसका दुरुपयोग हुआ। उन्होंने कहा कि बंगाल की यह स्थिति तब बदलेगी जब राज्य में भाजपा की सरकार बनेगी। आपने केंद्र में भाजपा को चुना है, अब राज्य में भी भाजपा को मौका दीजिए। मथुरापुर के बंग मेले का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि भाजपा इसे स्वच्छ भारत मिशन का गौरव बनाएगी। उन्होंने कारीगरों को डिजिटल स्किल और सुरक्षा उपकरण देने का वादा किया और मेले को एक व्यवस्थित मार्केट हब के रूप में विकसित करने की बात कही। प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी सरकार केवल अपने हितों की चिंता करती है और जनता के सुख-दुख से उसका कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि बंगाल की विरासत और सामथ्र्य को पूरी दुनिया जानती है, लेकिन टीएमसी उस पर कुंडली मारकर बैठी है। उन्होंने भ्रष्टाचार, कटमनी और सिंडिकेट राज का भी आरोप लगाया। रैली के दौरान एक छोटी बच्ची पीएम मोदी की तस्वीर लेकर पहुंची थी, जिस पर उन्होंने खुशी जताते हुए कहा कि वे उस बच्ची को पत्र लिखेंगे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

