रायपुर, 22 नवंबर (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में शनिवार सुबह साइंस कॉलेज चौपाटी हटाने की कार्रवाई के दौरान व्यवसायियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। अधिकारियों द्वारा शनिवार सुबह 5 बजे तक अल्टीमेटम देने के बाद व्यापारियों में चिंता फैल गई। इस बीच, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, निगम में नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी और अन्य कांग्रेस नेता व्यवसायियों के समर्थन में रातभर धरने पर बैठे रहे।
सुबह पुलिस बल और जेसीबी क्रेन के साथ कार्रवाई स्थल पर पहुंचे, जहां भारी हंगामा देखने को मिला। इस दौरान कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता जेसीबी के नीचे लेट गए। पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झूमाझटकी भी हुई। पुलिस ने इस दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, आकाश तिवारी सहित कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल नगर निगम की टीम चौपाटी हटाने में जुटी हुई है, मौके पर दर्जनभर से अधिक निगम वाहन मौजूद हैं।
व्यवसायियों के लिए ओवरब्रिज के नीचे जो जमीन चुनी गई थी, वह रेलवे की है, जहां पार्किंग बनाने की योजना है। रेलवे द्वारा उस जमीन पर कार्यरत मोटर मैकेनिकों को नोटिस दिए जाने के बाद चौपाटी शिफ्टिंग का मामला कुछ हद तक ठंडा पड़ गया था
इस कार्रवाई के दौरान बीजेपी विधायक राजेश मूणत और कांग्रेस नेता सुबोध हरितवाल के बीच बहस भी हुई। जीई रोड स्थित साइंस कॉलेज मैदान के सामने चौपाटी हटाने के विरोध में राजनीतिक घमासान मंगलवार देर रात से शुरू हो गया था।
व्यापारी विरोध कर रहे हैं कि यह चौपाटी वर्षों से उनकी आजीविका का केंद्र रही है और बिना समुचित विकल्प दिए इसे हटाना अनुचित है। प्रशासन को पुनर्वास की व्यवस्था किए बिना कार्रवाई नहीं करनी चाहिए। घटना के कारण जीई रोड क्षेत्र में सुबह से ही ट्रैफिक धीमा रहा और स्थानीय लोग माहौल तनावपूर्ण होने की बात कर रहे हैं।
०००००

