रायपुर, 22 नवंबर (आरएनएस)। रायपुर रेंज के साइबर थाना पुलिस ने वाहन बिक्री और शेयर ट्रेडिंग के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले दो शातिर आरोपियों को ओडिशा से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने अब तक करीब 50 लाख रुपये की ठगी की है। पुलिस जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी ने धोखे की रकम से अपना शॉपिंग मॉल तक खड़ा कर लिया था। आरोपियों के बैंक खातों और मोबाइल नंबरों से मिले सुरागों के आधार पर देश के 15 राज्यों में 36 से अधिक साइबर अपराध दर्ज पाए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अजय हो (पिता श्रीधर हो, उम्र 37 वर्ष, सुंदरपाल जिला केऊंझर, ओडिशा) बैंक म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने और फर्जी सिम के इंतजाम में सक्रिय रहा, जिसके माध्यम से भारी भरकम ऑनलाइन ट्रांजेक्शन और कॉलिंग की जाती थी। दूसरा आरोपी चिन्मय राउत (पिता अतुल राउत, उम्र 30 वर्ष, गोवर्धनपुर, टोमका, जाजपुर, ओडिशा) ठगी की रकम को संचालित कर अपने लिए मॉल बनवा चुका था। दोनों को पकडऩे पुलिस टीम ओडिशा भेजी गई थी।
आरोपियों से जुड़े बैंक अकाउंट और मोबाइल नंबर के खिलाफ छत्तीसगढ़ के साथ ही असम, केरल, कर्नाटक, पंजाब, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, बिहार, दिल्ली, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में भी अपराध दर्ज मिले हैं।
पहला मामला
भोलेश्वर शोरी ने फेसबुक पर स्कॉर्पियो बिक्री का विज्ञापन देखकर संपर्क किया, जहां ठग ने खुद को आर्मी कर्मी बताकर सस्ती कीमत में वाहन देने का भरोसा दिलाया और 9.5 लाख रुपये हड़प लिए। इस मामले में थाना देवभोग में धारा 420 भादवि व 66(ऊ) आईटी एक्ट के तहत अपराध दर्ज है और अजय हो को गिरफ्तार किया गया है।
दूसरा मामला
विरल पटेल से अधिक लाभांश का लालच देकर शेयर ट्रेडिंग में 40 लाख रुपये निवेश कराए गए और वापस नहीं किए गए। थाना खम्हारडीह में धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया, जिसमें चिन्मय राउत को गिरफ्तार किया गया है।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

