बिलासपुर 22नवम्बर 2025(आरएनएस) तहसील का नया भवन अपने वर्तमान स्थान पर ही बनाया जाएगा। सात करोड़ की लागत से तीन मंजिला भवन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। जिला प्रशासन मद में राशि प्राप्त होते ही विभाग द्वारा निर्माण कार्य की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी। ज्ञात हो पूर्व में तहसील कार्यालय में प्रैक्टिस कर रहे वकीलों के द्वारा सामूहिक विरोध को देखते हुए ही इस स्थान पर तहसील भवन का नया निर्माण किया जा रहा है। पहले यही भवन कोनी के पास बनाए जाने का प्रावधान किया गया था। नेहरू चौक स्थित बिलासपुर तहसील की नई बिल्डिंग के निर्माण की प्रक्रिया जल्द ही प्रारंभ होगी। भवन के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी द्वारा शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भवन में बेसमेंट बनाया जाएगा। इसके ऊपर ग्राऊंड फ्लोर के बाद दो मंजिल और बनाई जाएगी। भवन की अनुमानित लागत सात करोड़ रूपए आंकी गई है। सूत्रों के अनुसार भवन निर्माण के लिए राशि जिला प्रशासन मद में प्राप्त होगी। जिला प्रशासन को राशि प्राप्त होने के बाद निर्माण के लिए यह राशि लोक निर्माण को ट्रांसफर की जाएगी। इसके बाद निर्माण की विधिवत प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी। जो लोक निर्माण विभाग प्रारंभ करेगा।
एक साल से हो रही थी माथापच्ची
तहसील के नए भवन का निर्माण एक साल पूर्व ही प्रारंभ हो चुका होता। इसके लिए कोनी में जगह भी फाईनल की जा चुकी थी। शहर से कुछ दूरी पर स्थित होने के कारण अधिवक्ताओं द्वारा उस स्थान का विरोध करते हुए पुराने स्थान या शहर के ही किसी स्थान पर निर्माण की मांग की जाती रही। लगातार विरोध के फलस्वरूप इसके निर्माण को लेकर चर्चा तक बंद हो चुकी थी।
पीडब्ल्यूडी ने लगातार भेजी चिट्ठी
तहसील भवन के लिए उचित स्थान का निर्धारण कर सूचित करने को लेकर लोक निर्माण विभाग द्वारा बीते एक साल से एसडीएम बिलासपुर को पत्र लिखा जाता रहा है। इस दौरान एसडीएम बिलासपुर द्वारा पीडब्ल्यूडी के ईई से मौखिक चर्चा तो की जाती रही, लेकिन स्थान के अंतिम चयन को लेकर उच्चाधिकारियों का अंतिम निर्णय बताया जाता रहा। आखिरकार अब पुराने स्थान को ही अंतिम रूप से चयन किया गया।
भेजा गया है प्रस्ताव
नेहरू चौक स्थित पुरानी जगह पर ही नया तहसील भवन बनाया जाना है। तीन मंजिला भवन के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। राशि प्राप्त होते ही निर्माण की विधिवत प्रक्रिया प्रारंभ हो जाएगी।
– आदित्य ग्रोवर, एसडीओ
पीडब्ल्यूडी डिवीजन-1

