० ग्रामीणों के श्रमदान से बनी 12 किमी सड़क देख हुए भावुक
० विधायक विक्रम मंडावी ने ग्रामीणों को सड़क और मूलभूत सुविधाओं को जल्द करने का भरोसा दिलाया
बीजापुर, 22 नवम्बर (आरएनएस)। अबूझमाड़ क्षेत्र से सटे कोसलनार गांव में शनिवार को बीजापुर जिले के विधायक विक्रम मंडावी पहुंचे। यह आजादी के बाद पहली बार है जब इस अति दुर्गम गांव में कोई विधायक पहुंचा हो। विधायक के साथ ग्रामीणों की मुलाकात हुई। इस दौरान बड़ेकरका, कोसलनार-1, कोसलनार-2 और मंगनार पंचायत के कुरसिंगबाहर गांव के ग्रामीणों ने विधायक विक्रम मंडावी को बताया कि इन गांवों को जोडऩे वाली करीब 12 किलोमीटर लंबी सड़क नहीं थी। अस्पताल, स्कूल, बाजार जाने में भारी परेशानी होती थी। ग्रामीणों ने कई वर्षों तक कलेक्टर, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से बार-बार सड़क बनाने की गुहार लगाई, लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। आखिरकार तीनों पंचायतों के सैकड़ों ग्रामीणों ने खुद आगे आकर श्रमदान का संकल्प लिया और बिना किसी सरकारी मदद के मिट्टी-मुरुम की 12 किमी सड़क तैयार कर दी। अब आवागमन में काफी राहत मिल रही है। ग्रामीणों ने विधायक से मांग की कि इस सड़क को शीघ्र पक्का (सीमेंटेड/डामरीकरण) किया जाए साथ ही गांवों में बिजली, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, पूर्ण स्कूल, सामुदायिक भवन, हैंडपंप/बोरिंग आदि मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। श्रमदान से बनी सड़क और ग्रामीणों के हौसले को देखकर विधायक विक्रम मंडावी भावुक हो गए। उन्होंने कहा, ग्रामीणों के जज्बे और मेहनत की जितनी प्रशंसा की जाए, कम है। इसके साथ ही विधायक विक्रम मंडावी ने ग्रामीणों से उनकी मांगों को जल्द पूरा करने का भरोसा दिलाया है। ज्ञात हो कि दंतेवाड़ा जिले की सीमा से लगे बारसूर क्षेत्र के ये गांव लंबे समय तक नक्सल प्रभावित रहे हैं। नक्सली गतिविधियों में कमी आने के बाद भी प्रशासन का ध्यान इस ओर नहीं गया था। ग्रामीणों ने खुद की मेहनत से जो मिसाल कायम की है, उसकी क्षेत्र में खूब चर्चा हो रही है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

