रायपुर, 22 नवम्बर (आरएनएस)। साइंस कॉलेज मैदान के सामने बनी चौपाटी को अवैध बताते हुए भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा है कि राज्य सरकार इस स्थान को एजुकेशन हब के रूप में विकसित करने जा रही है। उन्होंने बताया कि भूमि सरकारी होने के बावजूद बिना अनापत्ति प्रमाण पत्र के चौपाटी का निर्माण किया गया था। मूणत ने कहा कि दुकानदारों को हटाने के बजाय उनके पुनव्र्यवस्थापन की प्रक्रिया जारी है, जिससे किसी की आजीविका प्रभावित न हो। मूणत ने आरोप लगाया कि पूर्व भूपेश सरकार के कार्यकाल में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत प्रस्तावित यूथ हब और ग्रीन कॉरिडोर को बदलकर चौपाटी बना दी गई। उनका कहना है कि इससे राजनीतिक संरक्षण और व्यावसायीकरण साफ दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार इस स्थान पर लाइब्रेरी और अध्ययन हेतु शांत वातावरण तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ा रही है, जबकि कांग्रेस दुष्प्रचार कर शहरवासियों को भ्रमित कर रही है। विधायक ने कहा कि अवैध चौपाटी का मुद्दा पिछले साढ़े तीन वर्षों से उठाया जा रहा है और भाजपा ने निर्माण के विरोध में धरना और कानूनी प्रक्रिया दोनों का सहारा लिया। उन्होंने स्मार्ट सिटी के खर्च, टेंडर प्रक्रिया, लाइसेंस शर्तों के उल्लंघन और अदालत में चली कार्यवाही के विवरण भी साझा किए। मूणत का कहना था कि यूथ हब में स्टेशनरी, पुस्तकें, मेडिकल, जिम उपकरण और अन्य शैक्षणिक जरूरतों से जुड़ी 60 दुकानें खोलने का प्रावधान था, लेकिन नियमों को दरकिनार कर फूड चौपाटी बना दी गई। महापौर मीनल चौबे ने कहा कि निगम ने चौपाटी को नई जगह पर स्थानांतरित कर छात्रों के भविष्य को प्रभावित होने से बचाने का उचित कदम उठाया है। उन्होंने कांग्रेस पर झूठ फैलाने और शहर को गुमराह करने का आरोप लगाया। पत्रकार वार्ता में भाजपा संगठन के पदाधिकारी, नगर निगम प्रतिनिधि और कई पार्षद भी मौजूद रहे।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

