गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 22 नवम्बर (आरएनएस)। गौरव जैन। युवा कांग्रेस ने अपनी राष्ट्रीय सह सचिव प्रीति मांझी के विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को गंभीरता से लेते हुए सख्त कदम उठाया है। संगठन ने मामले की जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति गठित की है और जांच पूरी होने तक उन्हें पद से जुड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने से रोक दिया है। बताया जाता है कि प्रीति मांझी ने हाल ही में एनकाउंटर में मारे गए कुख्यात नक्सली कमांडर माडवी हिडमा के लिए ‘लाल सलाम कामरेड हिडमाÓ लिखकर श्रद्धांजलि व्यक्त की थी। पोस्ट वायरल होने के बाद छत्तीसगढ़ भाजपा ने कांग्रेस पर सोशल मीडिया के माध्यम से अर्बन नक्सल तैयार करने जैसे गंभीर आरोप लगाए, जिससे मामला और गरमाता गया। विवाद बढऩे पर प्रीति मांझी ने सफाई देते हुए कहा कि उनके शब्दों का गलत अर्थ निकाला गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे गांधीवादी सोच रखती हैं और हिंसा को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं करतीं। इसके बावजूद युवा कांग्रेस ने उनकी सफाई को पर्याप्त नहीं माना। युवा कांग्रेस के छत्तीसगढ़ प्रभारी अमित सिंह पठानिया ने जानकारी दी कि राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देश पर जांच समिति बनाई गई है। साथ ही जांच पूरी होने तक मांझी को राष्ट्रीय सह सचिव के रूप में सक्रिय कार्य करने से अस्थायी तौर पर रोक दिया गया है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

