दुर्ग, 22 नवम्बर (आरएनएस)। जिले में तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। नेशनल हाइवे 53 पर भिलाई पावर हाउस ओवरब्रिज के करीब एक बार फिर हादसा हुआ, जहां एक ट्रेलर ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में बाइक सवार महिला साक्षी द्विवेदी (28) की मौके पर ही मौत हो गई। साक्षी राजनांदगांव स्थित एबिस प्लांट में एचआर एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थीं। यह घटना छावनी थाना क्षेत्र अंतर्गत हुई। जानकारी के अनुसार, साक्षी शुक्रवार को छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस से पावर हाउस स्टेशन पहुंचीं और वहां से अपने पिता के साथ बाइक से मायके जा रही थीं। ओवरब्रिज से नीचे उतरते ही तेज गति से आ रहे ट्रेलर ने पीछे से जोरदार टक्कर मारी। टक्कर के प्रभाव से उनके पिता सड़क किनारे जा गिरे, जबकि साक्षी सड़क पर गिर गईं और ट्रेलर की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही जान चली गई। परिजनों के मुताबिक, साक्षी का विवाह इसी वर्ष फरवरी 2025 में हुआ था। परिवार में खुशियों का माहौल अभी पूरी तरह बस भी नहीं पाया था कि यह हादसा सभी को गहरे आघात में छोड़ गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं ट्रेलर चालक को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

