एआई आधारित सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगा माघ मेला
सीएम योगी आदित्यनाथ ने संगम पर की पूजा, माघ मेले की तैयारियों का लिया जायजा
प्रयागराज ,22 नवंबर (आरएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रयागराज में कहा कि माघ मेला में कल्पवासियों, संतों और श्रद्धालुओं को उत्कृष्ट सुविधाएं मिलेंगी। इसके साथ ही सुरक्षा के भी तगड़े प्रबंध होंगे। एआइ कैमरों से मेला क्षेत्र की निगरानी होगी। उच्च क्षमता के कैमरे भी लगाए जाएंगे। पहली बार माघ मेला टेंट सिटी बसाई जाएगी, जिसमें 200 कैंप होंगे। पहले सिर्फ कुंभ व महाकुंभ में ही टेंट सिटी बसाई जाती थी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पत्रकार वार्ता में बताया कि मेले का आयोजन एआई आधारित कैमरे की निगरानी में होगा इसके लिए नगर विकास विभाग की ओर से 400 कैमरे लगाए जाएंगे जो स्वच्छता और सुरक्षा की निगरानी में सहायक होंगे।
उन्होंने बताया कि माघ मेला इस बार 800 हेक्टेयर में बसाया जाएगा। मेला क्षेत्र का विस्तार किया जा रहा है जो अरेल से लेकर हटा पट्टी तक होगा। मेला क्षेत्र में 242 किलोमीटर पेयजल पाइपलाइन, 85 किलोमीटर सीवर लाइन 160 किलोमीटर मार्ग बिजली विभाग, 360 किलोमीटर की एलटी विद्युत लाइन लगाई जाएगी। इसके साथ ही साथ 20-20 बेड के दो अस्पताल बनाए जा रहे हैं। पुलिस लाइन का निर्माण भी शुरू कर दिया गया है। 42 पुलिस चौकी बनाई जा रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को माघ मेले की तैयारियों का जायजा लिया। इसके बाद मां गंगा का विधि विधान से पूजन किया। साथ ही संगम तट पर स्थित श्री बड़े हनुमानजी का दर्शन पूजन किया। मंदिर में पूजन और गंगा पूजन के दौरान महंत बलवीर गिरि भी मौजूद रहे।
मेले की तैयारियों की बैठक में मेला प्राधिकरण के मेलाधिकारी ऋषि राज व अन्य अधिकारियों ने प्रोजेक्टर के माध्यम से उन्हें अब तक हुई तैयारियों की जानकारी दी। जिसमें बताया गया कि पिछले माघ मेले की अपेक्षा इस बार 20 आगे काम चल रहा है। सभी पांटून पुल लगभग तैयार हैं। पिछले माघ मेले में अब तक पांटून बनाने का कार्य भी नहीं शुरु हूआ था।
इसी तरह भूमि के समतलीकरण, घाटों की तैयारी भी काफी तेज है। मेले मे प्रकाश व्यवस्था के लिए कार्य जोरों पर चल रहा है। घाटों पर लाइटिंग भी कर दी गई है। सीएम योगी के साथ कैबिनेट मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, नंद गोपाल गुप्ता नंदी, विधायक हर्षवर्धन बाजपेयी, दीपक पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीके सिंह, सांसद प्रवीण पटेल, विधायक गुरु प्रसाद मौर्य, पीयूष रंजन निषाद, सिद्धार्थनाथ सिंह समेत तमाम नेतागण मौजूद रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

