सीएम योगी ने दिया दिव्य, भव्य और स्वच्छ माघ मेला के आयोजन का मंत्र
महाकुंभ के भव्य आयोजन के बाद माघ मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोत्तरी को देखते हुए तैयार होगा भीड़ प्रबंधन का फॉर्मूला
प्रयागराज ,22 नवंबर (आरएनएस)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को प्रयागराज पहुंचे। यहां उन्होंने माघ मेले की तैयारियों का स्थलीय निरीक्षण किया। आयोजन से जुड़े अधिकारियों ने उन्हें अब तक की तैयारियों से रूबरू कराया। सीएम योगी के निरीक्षण के उपरांत संगम तट पर तीन जनवरी से लगने जा रहे माघ मेला-2026 की तैयारियों को और गति मिल गई।
समीक्षा बैठक में मेला प्राधिकरण की अध्यक्ष और प्रयागराज की आयुक्त सौम्या अग्रवाल ने सीएम के समक्ष सबसे पहले माघ मेले के आयोजन का प्रारूप रखा। यह बात सामने आई कि प्रयागराज महाकुंभ-2025 के दिव्य और भव्य आयोजन के बाद वैश्विक स्तर पर धार्मिक आयोजनों का तेज गति से प्रचार प्रसार हुआ है। माघ मेला 2024 से अधिक श्रद्धालुओं के इस बार पहुंचने का अनुमान है। सीएम ने प्रशासन के इस अनुमान को देखते हुए माघ मेले की तैयारियों को समय से पूरा कर लेने का निर्देश दिया। माघ मेला क्षेत्र के बसावट का विस्तार भी किया जायेगा। इस बार 800 हेक्टेयर में माघ मेले की बसावट होगी। चार सेक्टर की जगह इस बार मेले को 7 सेक्टर में बसाने पर सहमति बनी है।
माघ मेला के विस्तार से कई क्षेत्रों में एकत्र पानी और दलदली भूमि की समस्या का भी समाधान हो जायेगा। समीक्षा बैठक में आयोजन से जुड़े सभी विभागों ने मेला की तैयारियों को लेकर सीएम के सामने रोडमैप रखा। अनुमान है कि माघ मेले के 44 दिन के आयोजन के दौरान प्रयागराज में 12 से 15 करोड़ श्रद्धालु संगम पर स्नान करेंगे। श्रद्धालुओं के इस सैलाब को देखते हुए क्राउड मैनेजमेंट का फॉर्मूला तैयार किया गया है। इसके अंतर्गत सीसीटीवी व एआई युक्त 400 कैमरों के माध्यम से क्राउड मॉनीटरिंग- क्राउड डेंसिटी एनालिसिस व इन्सिडेंट रिपोर्टिंग होगी।
इस बार माघ मेला में श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए मेला प्रशासन वैकल्पिक रणनीति बना रहा है। मेला के बसावट क्षेत्र के विस्तार और भीड़ प्रबंधन की रणनीति के साथ माघ मेले के पौराणिक महात्म्य को भी श्रद्धालुओं तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए पर्यटन और संस्कृति विभाग की तरफ़ से माघ मेला के पौराणिक महत्व को दर्शाने वाली पांडुलिपियों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। मुख्यमंत्री के दिव्य-भव्य और स्वच्छ माघ मेला के विजऩ को धरातल पर उतारने में मेला प्रशासन जुट गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

