सोनभद्र,22 नवंबर (आरएनएस)। जिलाधिकारी बी0एन0 सिंह ने शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नवीन व्यवस्था अन्तर्गत सी0एम0 डैशबोर्ड के माध्यम से विकास कार्यों की समीक्षा की। समीक्षा के दौरान उन्होंने कहा कि जिन विभागों को शासन द्वारा जो भी लक्ष्य निर्धारित किया गया है, वह उसका शत-प्रतिशत निर्धारित समय अवधि में पूर्ण करना सुनिश्चित करें, इस दौरान उन्होंने समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजना के प्रगति के लिए समीक्षा की।
उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी, पिछड़ा वर्ग कल्याण, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, प्राचार्य राजकीय स्तनातकोत्तर महाविद्यालय ओबरा को निर्देशित करते हुए कहा कि छात्रवृत्ति योजना के छात्रों के फार्म विद्यालयों में जल्द से जल्द अग्रसारित कराने की कार्यवाही सुनिश्चित की जाये, इसमें किसी भी स्तर पर शिथिलता व लापरवाही क्षम्य नहीं होगी। जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता निर्माण खण्ड, प्रान्तीय खण्ड को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में जनपद के उन सभी ग्राम सभा, मजरों को चिन्हित किया जाये, जिनकी आबादी 150 से अधिक है, उन ग्रामों में सर्वे कर पक्की सड़क के निर्माण हेतु स्टीमेट तैयार किया जाये, जिससे कि उन ग्राम पंचायतों व मजरों को पक्की सड़क से जोडऩे की कार्यवाही की जाये और कोई भी ग्राम पंचायत सड़क मार्ग से वंचित न रहने पायें।
उन्होंने क्रीड़ा अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश के क्रम में जनपद सोनभद्र के सभी ब्लाकों में स्टेडियम के निर्माण हेतु भूमि चिन्हित की जाये, जिससे कि प्रत्येक विकास खण्ड में स्टेडियम का निर्माण हो सकें। स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान यह तथ्य संज्ञान में आया कि 102 व 108 एम्बुलेंस के संचालन की प्रगति धीमी है, जिस पर जिलाधिकारी ने 102 व 108 एम्बुलेंस सेवा के मैनेजर को स्पष्टीकरण जारी करने व उच्च स्तर पर पत्राचार करने के निर्देश दिये। जिला कार्यक्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं के प्रगति धीमी पाये जाने पर जिलाधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दियें, इसी प्रकार से जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के अन्तर्गत हर घर को नल से जल योजना की प्रगति धीमी पाये जाने पर अधिशासी अभियन्ता जल निगम को स्पष्टीकरण जारी करने के निर्देश दियें।
उन्होंने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी लोन योजना के भी प्रगति की समीक्षा की और उपायुक्त उद्योग एवं एल0डी0एम0 को निर्देशित करते हुए कहा कि प्राथमिकता के आधार पर मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना के लाभार्थियों के पत्रावलियों का निस्तारण सुनिश्चित किया जाये। समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देशित करते हुए करते हुए कहा कि विकास कार्यों, लाभार्थीपरक व जन कल्याणकारी योजनाओं जैसे कार्यों के प्रगति में तेजी लायी जाये, अन्यथा की स्थिति में सम्बन्धित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए विभागीय कार्यवाही हेतु उच्चाधिकारियों को पत्राचार करनाा सुनिश्चित किया जायेगा।
बैठक में जिला विकास अधिकारी हेमन्त कुमार सिंह, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी संतपाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनन्द पाण्डेय, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी सुधांशु शेखर शर्मा, जिला विद्यालय निरीक्षक जय राम सिंह, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित अन्य सम्बन्धितगण उपस्थित रहें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

