0 पुलिस ने दर्ज किया मामला
0 बिलासपुर के न्यू जनता अस्पताल में हंगामा, कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड से की अभद्रता
बिलासपुर, 17 जून (आरएनएस)। तिफरा स्थित न्यू जनता अस्पताल में महज 200 रुपये के बिल भुगतान को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि इलाज कराने पहुंचे युवकों ने अस्पताल परिसर में हंगामा खड़ा कर दिया। आरोप है कि युवकों ने चाकू लहराते हुए अस्पताल कर्मचारियों और सुरक्षा गार्ड को धमकाया तथा परिसर में तोडफ़ोड़ भी की। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, बोरी फैक्ट्री के पास तिफरा निवासी नारायण मिश्रा, जो न्यू जनता अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं, ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में बताया गया है कि 15 जून की रात वह अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात थे।
रात करीब 12:20 बजे दो युवक इलाज कराने अस्पताल पहुंचे थे। उपचार के बाद बिल भुगतान को लेकर उनका अस्पताल के कर्मचारियों वाशु और प्रियंका से विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते बहस बढऩे लगी और अस्पताल परिसर में तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई।
स्थिति को शांत कराने के लिए सुरक्षा गार्ड नारायण मिश्रा ने दोनों युवकों को समझाने और विवाद बंद करने की बात कही। आरोप है कि इस पर दोनों युवक भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे। शिकायत के मुताबिक, युवकों ने अपने पास रखा धारदार चाकू निकाल लिया और उसे लहराते हुए गार्ड को जान से मारने की धमकी दी।

हंगामे के बाद दोनों आरोपी अस्पताल से बाहर निकल गए। घटना से अस्पताल में मौजूद मरीजों और परिजनों के बीच कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस ने शिकायत के आधार पर दो नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। सिरगिट्टी पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा आरोपियों की भूमिका और घटना के अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
0

