कांकेर,17 जून (आरएनएस) । महिला सुरक्षा के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति पर कार्य करते हुए कांकेर पुलिस ने युवतियों को परेशान करने वाले एक युवक के खिलाफ त्वरित कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।
पुलिस अधीक्षक निखिल राखेचा के निर्देशन तथा उप पुलिस अधीक्षक प्रतिभा लहरे के पर्यवेक्षण में संचालित महिला रक्षा टीम द्वारा जिले में लगातार गश्त एवं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में 16 जून 2026 को आमापारा क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान महिला हेल्पलाइन पर सूचना मिली कि कुछ युवतियों को घर लौटते समय एक युवक लगातार परेशान कर रहा है।
सूचना मिलते ही महिला रक्षा टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आरोपी का पीछा कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ एवं शिकायत के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि आरोपी युवतियों को परेशान कर सार्वजनिक शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने का प्रयास कर रहा था।
पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 की धारा 170, 126 एवं 135 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। इसके बाद आरोपी को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने का आदेश दिया गया।
आरोपी का विवरण
राजकुमार कोमरा (27 वर्ष)
पिता रति राम कोमरा
निवासी श्रीराम नगर, कांकेर
महिला रक्षा टीम की इस कार्रवाई में एएसआई शशिकला साहू, प्रधान आरक्षक अनीता नेताम, महिला आरक्षक टीकेश्वरी साहू, शांति ठाकुर, दिव्या वट्टी, साधना गागड़ा, बालेश्वरी नेताम, पुष्पा कावड़े, उमा गोटी, संगीत ठाकुर तथा आरक्षक राजेश्वर भास्कर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
महिलाओं से पुलिस की अपील
कांकेर पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की है कि छेड़छाड़, पीछा करने, उत्पीडऩ या किसी भी प्रकार के महिला संबंधी अपराध की सूचना तत्काल महिला हेल्पलाइन 9479155925, आपातकालीन सेवा 112 अथवा निकटतम पुलिस थाने में दें। पुलिस ने कहा है कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति वह पूरी तरह प्रतिबद्ध है तथा ऐसे मामलों में तत्काल और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
०००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

