रांची 17 जून (आरएनएस)। मॉनसून को ध्यान में रखते हुए निगम द्वारा शहरभर में नालियों की सफाई हेतु विशेष सफाई अभियान युद्धस्तर पर चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत शहर के विभिन्न वार्डों के सकरी गलियों, मोहल्लों एवं संवेदनशील जलजमाव प्रभावित क्षेत्रों में जाम नालियों की सफाई एवं गाद निकासी का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। निगम द्वारा पहली बार चार स्किड लोडर (मिनी जेसीबी) मशीनों को विशेष रूप से तैनात किया गया है, जो संकरी गलियों एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में आसानी से प्रवेश कर नालियों की प्रभावी सफाई कर रही हैं। इन मशीनों की मदद से वर्षों से जमी गाद, प्लास्टिक कचरा एवं अवरोधों को तेजी से हटाया जा रहा है, जिससे जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने में काफी सहायता मिल रही है। स्किड लोडर मशीन से बंद नालियों को फंक्शनल करने एवं अस्थायी नाली निर्माण करने में भी कार्य किया जा रहा है। उक्त मशीनों द्वारा वार्ड संख्या 18, लोहराकोचा, वार्ड 14, राम मंदिर चुटिया के निकट, वार्ड 12 कांटा टोली एवं आसपास की गलियों, वार्ड 19 धोबीघाट, वार्ड 26 हरमू क्षेत्र, वार्ड 28 मधुकम, वार्ड 30 अलकापुरी, वार्ड 33, ओटीसी ग्राउंड के पास, वार्ड 35, अरगोड़ा तालाब के पास, करमटोली, किशोरगंज एवं कुसुम बिहार क्षेत्र की कई संकरी गलियों में नालियों की सफाई का कार्य किया गया है। नगर निगम की टीम लगातार फील्ड में कार्यरत हैं ताकि बरसात के दौरान उत्पन्न होने वाले जलजमाव की समस्या को न्यूनतम किया जा सके और नागरिकों को राहत मिल सके। अभियान के दौरान निकाली जा रही गाद एवं कचरे का त्वरित उठाव भी सुनिश्चित किया जा रहा है ताकि पुन: नालियां अवरुद्ध न हों। रांची नगर निगम ने शहरवासियों से अपील की है कि वे नालियों में प्लास्टिक, ठोस कचरा एवं निर्माण सामग्री न फेंकें तथा स्वच्छ एवं जलजमाव मुक्त रांची बनाने में निगम का सहयोग करें। किसी भी क्षेत्र में जाम नालियों की समस्या हेतु निगम के टोल फ्री नंबर 18005701235 पर संपर्क किया जा सकता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

