0 पत्नी के मायके से वापस नहीं आने पर उठाया आत्मघाती कदम कीटनाशक सेवन की आशंका, फॉरेंसिक टीम जांच में जुटी
जांजगीर-चांपा, 17 जून (आरएनएस)। जिले के नैला चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिरकोनी में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां एक व्यक्ति और उसके दो मासूम बच्चों के शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच में कीटनाशक सेवन कर आत्महत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि मामले के सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान रमेश कुमार पटेल के रूप में हुई है। बताया गया है कि लगभग एक सप्ताह पहले उसका अपनी पत्नी से विवाद हुआ था, जिसके बाद पत्नी अपने मायके चली गई थी। जानकारी के मुताबिक 16 जून को रमेश अपनी पत्नी को वापस लाने उसके मायके गया था, लेकिन पत्नी द्वारा साथ आने से इनकार करने पर वह अकेले घर लौट आया था।
बुधवार सुबह मृतक के पिता परदेसी राम पटेल धान कुटवाने के लिए ग्राम कटनाई गए हुए थे। करीब 11:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि उनके पुत्र और दोनों नाती घर में मृत अवस्था में पड़े हैं। सूचना मिलते ही वे घर पहुंचे, जहां रमेश कुमार पटेल और उसके दोनों बच्चों के शव मिले।
घटनास्थल पर पहुंचीं CSP, फॉरेंसिक टीम ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही नैला चौकी पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित करते हुए मर्ग कायम किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर की सीएसपी योगिताबाली खापर्डे स्वयं घटनास्थल पहुंचीं और जांच की कमान संभाली।
सीएसपी ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर पुलिस अधिकारियों को हर पहलू से जांच करने के निर्देश दिए। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
प्रारंभिक जांच में कीटनाशक जहर सेवन की आशंका सामने आई है, लेकिन पुलिस किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
इस दर्दनाक घटना से ग्राम बिरकोनी सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। पुलिस मामले की हर कोण से जांच कर रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
0

