(रायपुर) चौपाटी विवाद पर भाजपा ने रखा अपना पक्ष, कहा अवैध रूप से बनाई गई
रायपुर, २२ नवंबर (आरएनएस)। राजधानी में बढ़ते चौपाटी विवाद के बीच भाजपा ने एकात्म परिसर में प्रेस कॉन्फ अयोजित कर अपना पक्ष रखा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने साइंस कॉलेज ग्राउंड से चौपाटी हटाने के कारणों की जानकारी दी।
राजेश मूणत ने कहा कि यह मामला अभी का नहीं है, बल्कि साढ़े ३ साल पुराना है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार के दौरान भी भाजपा लगातार इस अवैध निर्माण का विरोध करती रही है। मूणत ने कहा कि स्मार्ट सिटी ने चौपाटी को यूथ हब बताकर बनाया, जबकि यह जमीन नगर निगम की नहीं बल्कि खेल विभाग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा के तमाम नेताओं ने इस अवैध चौपाटी के निर्माण के विरोध में १२ दिन प्रदर्शन किया था। दुकानों के संचालन के लिए एजेंसी को २९ लाख में दिया गया, जबकि ६० दुकानों से मासिक २५ हजार लिए जा रहे थे। मूणत ने बताया कि एग्रीमेंट के तहत खोली जानी वाली दुकानों को नहीं खोला गया, इसलिए उन्हें नई जगह शिफ्ट किया गया। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वे केवल राजनीतिक मुद्दे के लिए विरोध कर रहे हैं।
पत्रकारवार्ता में उपस्थित महापौर मीनल चौबे ने कहा कि नगर निगम शुरू से ही अवैध चौपाटी के विरोध में था। उन्होंने बताया कि चौपाटी की ६० दुकानों को किराए पर दिया गया था और नई जगह पर सभी सुविधाएं किराएदारों को प्रदान की जाएंगी। चौपाटी स्थल पर जल्द ही नालंदा परिसर का निर्माण किया जाएगा।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

