कोरबा, 23 नवंबर (आरएनएस)। मानिकपुर चौकी अंतर्गत अमरिया पारा बस्ती में शनिवार को एक नवविवाहिता द्वारा फांसी लगाकर जान देने का मामला सामने आया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम करते हुए जांच प्रक्रिया शुरू की। मृतिका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर लगातार प्रताडि़त करने के आरोप लगाए हैं, जिससे प्रकरण संवेदनशील हो गया है।
मृतका की पहचान 22 वर्षीय मधु सूर्यवंशी, निवासी खोखरा (जांजगीर-चांपा) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मधु ने लगभग नौ महीने पहले अमरिया पारा निवासी अरुण कोसले से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से वह मायके नहीं गई थी और पति व ससुरालजनों के साथ ही रह रही थी।
शनिवार लगभग 11 बजे मधु ने घर में लगे लोहे के एंगल पर दुपट्टे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय पति अरुण घर से बाहर था, जबकि सास-ससुर वहीं मौजूद थे। घटना की खबर मिलने पर अरुण तत्काल घर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी।
मानिकपुर चौकी पुलिस ने मामले को गंभीर मानते हुए तहसीलदार को बुलाकर पंचनामा, फोटोग्राफी और अन्य औपचारिकताएं पूरी कराईं। इसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। उधर, घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन तत्काल कोरबा पहुंच गए।
पुलिस अब मायके पक्ष के आरोपों और अन्य परिस्थितियों को आधार बनाकर मामले की तफ्तीश आगे बढ़ा रही है।
०००००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

