मेरठ 23 नवंबर (आरएनएस )। देहली गेट थाना क्षेत्र में नील की गली के सराफा व्यापारियों का 770 ग्राम सोना लेकर एक कारीगर फरार हो गया। कारीगर मूल रूप से पश्चिम बंगाल के विक्रमपुर, थाना देवरा और वर्तमान में ब्रह्मपुरी निवासी श्याम सुंदर है। श्याम सुंदर परिवार सहित गया है और यहां किराए का मकान खाली छोड़ गया है।
इस घटना के विरोध में व्यापारियों ने देहली गेट थाने पर पहुंचकर रोष जताया और हंगामा किया। उन्होंने बताया कि इससे पहले भी कई कारोबारियों का करोड़ों की कीमत का सोना लेकर कारीगर फरार हो चुके हैं। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर उन्हें शांत कराया।
गौरीपुरा निवासी संदीप कुमार की श्रीराम कॉम्प्लेक्स में दुकान है। उन्होंने 16 नवंबर को कारीगर को 160 ग्राम सोना आभूषण बनाने के लिए दिया था। इसके साथ प्रहलाद नगर निवासी हिमांशु दास का 180 ग्राम, पूर्वा महावीर देहली रोड महमूद अली मंडल का 180.450 ग्राम पूर्वा ताहिर हुसैन रेलवे रोड निवासी एसके बकी का 250 ग्राम सोना भी उसके पास था। इनके अलावा अन्य व्यापारी भी हैं, जो अभी सामने नहीं आए हैं। 770 ग्राम शुद्ध सोने की कीमत करीब 98 लाख रुपये है।
कारोबारी के अनुसार कारीगर ने वादा किया था कि चार दिन में ही आभूषण तैयार कर दिए जाएंगे लेकिन 20 नवंबर की रात ही वह किराए का मकान खाली कर चला गया। वह अपने साथ घर का सामान, पत्नी और बेटे को लेकर भी चला गया। शनिवार को जब दुकानदारों ने संपर्क किया तो उसका मोबाइल बंद आया।
घटना से आक्रोशित व्यापारी देहली गेट थाने पहुंचे। उन्होंने तहरीर देकर कारीगर का पता लगाकर सोना बरामद कराने और उस पर कार्रवाई की मांग की। देहली गेट पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। जल्द ही टीम को पश्चिम बंगाल के लिए रवाना किया जाएगा ताकि आरोपी की गिरफ्तारी और सामान भी बरामद किया जा सके।
इस मामले में गृहमंत्री को भेजेंगे पत्र
इस मामले में गृहमंत्री अमित शाह को एक पत्र भेजेंगे। इसमें सराफा व्यापारियों के साथ लगातार हो रही ऐसी घटनाओं का विवरण शामिल किया जाएगा। बताया जाएगा कि पश्चिम बंगाल सरकार और पुलिस प्रशासन की ओर से कोई सहयोग नहीं मिलने के कारण अधिकतर घटनाओं में सोने की बरामदगी नहीं हो पाती है। अधिकतर कारीगर पश्चिम बंगाल में पहुंचने के बाद हाथ ही नहीं आए हैं। इससे असुरक्षा के साथ ही कारोबारियों को बड़ा आर्थिक नुकसान भी हो रहा है।
– विजय आनंद अग्रवाल, महामंत्री, मेरठ बुलियन ट्रेडर्स एसोसिएशन, मेरठ।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

