बाराबंकी 23 अप्रैल (आरएनएस)। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष अभिषेक सिंह ने जनपद बाराबंकी के जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं वेतन लेखा अधिकारी को शिक्षकों की लंबित मांगों के संबंध में पत्र प्रेषित किया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को संबोधित पत्र में उन्होंने अवगत कराया कि जनपद के अनेक शिक्षकों के चयन वेतनमान के आदेश अब तक निर्गत नहीं किए गए हैं, जबकि उनकी देय तिथि (ड्यू डेट) भी बीत चुकी है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर शीघ्र चयन वेतनमान आदेश जारी करने की मांग की है, जिससे शिक्षकों को समय से उनका अधिकार प्राप्त हो सके। इसके साथ ही वेतन लेखा अधिकारी को भेजे गए पत्र में अभिषेक सिंह ने उल्लेख किया कि कई शिक्षकों को जनवरी माह से चयन वेतनमान का लाभ मिलना प्रारंभ हो चुका है, किंतु वेतन वृद्धि (इंक्रीमेंट) का लाभ अभी तक नहीं दिया गया है। उन्होंने मांग की है कि चयन वेतनमान आदेश निर्गत होने के उपरांत संबंधित शिक्षकों को नियमानुसार वेतन वृद्धि का लाभ भी तत्काल प्रदान किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि शिक्षकों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाता है तो इससे उनका मनोबल बढ़ेगा और वे पूर्ण मनोयोग से शिक्षण कार्य कर सकेंगे। इस अवसर पर जिला महामंत्री नीरज वर्मा, जिला उपाध्यक्ष हर्षेंद्र सिंह, जिला संगठन मंत्री सुधीर चौधरी, विनय शुक्ला, जिला मीडिया प्रभारी सौरभ वर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष हरख रवि कुमार वर्मा, अध्यक्ष बनीकोडर चंद्र शेखर सिंह, जिला प्रचार मंत्री पवन मिश्रा, ब्लॉक अध्यक्ष मसौली महेंद्र सिंह रावत सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

