सुलतानपुर 23 नवंबर (आरएनएस )। आदर्श नगर प्राइमरी स्कूल में आज लोकतंत्र की असल ‘ग्राउंड रिपोर्टÓ देखने को मिली वोटर लाइन में और बीएलओ जमीन पर। धूप तेज थी, भीड़ भारी थी, लेकिन क्लासरूम के दरवाजे ऐसे बंद थे जैसे किसी खजाने की रखवाली कर रहे हों।
फॉर्म भरवाने वालों की भीड़ टूट पड़ी पर जिम्मेदार अधिकारी ऐसे गायब जैसे किसी ने ऑफिशियल वैनिशिंग डे घोषित कर दिया हो। शिक्षा विभाग, एसडीआई, नगर शिक्षा अधिकारी सबके नाम थे बस चेहरे नदारद। आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को वेतन रोकने की धमकी देकर बुलाया जरूर गया था, पर निर्देश मोबाइल से और ड्यूटी भगवान भरोसे। सीडीपीओ और सुपरवाइजर पूरे दिन फोन पर ऑनलाइन प्रशासन निभाते रहे, ज़मीन पर कोई नहीं उतरा। इस अफरातफरी में पूर्व सभासद यूनुश अपनी टीम के साथ डटे रहे, जो काम विभागों को करना था, वो स्थानीय लोग कर रहे थे। लग रहा था कि व्यवस्था नहीं, व्यवस्था का मज़ाक चल रहा है जहाँ धूप में बैठे बीएलओ सेवा दे रहे थे, और अधिकारी एसी कमरों में लोकतंत्र की रक्षा कर रहे थे। आदर्श नगर का यह दृश्य बताता है कि मेहनत करने वालों को जमीन पर बैठना पड़ता है और जिम्मेदारों को सिर्फ मोबाइल पर आदेश देना। बाकी स्कूल तो आदर्श है ही बस व्यवस्था को आदर्श बनने में अभी कई जन्म लगेंगें।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

