जौनपुर 23 नवंबर (आरएनएस )। नहर में पानी न छोडऩे से किसानों के सामने गेहूं की बोआई के लिए मुश्किलें खड़ी हो गईं हैं। पानी के बिना पलेवा नहीं हो पा रहा है। जिन किसानों के पास पंपिंग सेट या सिंचाई के साधन हैं, उनका किसी तरह काम हो गया। जो किसान नहरों पर निर्भर हैं उनकी बोआई रुक गई है। जिले में 343 नहरे हैं, जिसकी लंबाई 1705 किमी है। सिंचाई के लिए करीब 1.66 लाख हेक्टेयर भूमि नहर पर निर्भर है। बावजूद इसके अब तक किसी भी नहर में पानी नहीं छोड़ा गया। सिंचाई विभाग के मुताबिक, नहरों की सफाई का सीजन शुरू हो गया है। इसके कारण अभी पानी बंद किया गया है। दिसंबर के पहले सप्ताह में पानी छोड़े जाने की संभावना है। ऐसे में खेतों में बोआई से पहले पलेवा के लिए पानी का इंतजार कर रहे किसान समय से बोआई नहीं कर सकेंगे। सिकरारा: क्षेत्र में सिंचाई खंड-2 की शारदा सहायक मडिय़ाहूं माइनर में पानी नहीं है, जिससे रबी की बुआई के लिए खेतों में पलेवा की समस्या आ रही है। इस नहर से क्षेत्र के लगभग 50 से अधिक गांवों के किसानों की दोनों सीजन की फसलों की खेती की जाती है। डोभी: शारदा सहायक खंड-36 नहर से मुरखां, कनौरा, पनिहर, लेवरुवा, जरासी, बोड़सर, भुलनडीह, लोहराखोर, तरांये, हिसामपुर, मढ़ी आदि गांव के किसान आश्रित हैं। किसान नहर में पानी नहीं आने से चिंतित हैं। मडिय़ाहूं: क्षेत्र के शारदा सहायक खंड-39 में पानी न आने से मईडीह, जोगापुर, काजीपुर, मुकुंदपुर, बकिया, हसनपुर, चोरारी सहित कई गांवों के किसान नहर में पानी न आने से गेहूं के खेत का पलेवा नहीं कर पा रहे हैं। महराजगंज: शारदा सहायक खंड 36 रजबाहे से सरायपडऱी, मुंहकुचा, कोइरीपुर सदरुद्दीनपुर, बैरमा, भटपुरा, मजीठी आदि गांवों के किसान फसलों की सिंंचाई करते हैं। किसान रमाशंकर, प्रेमा देवी ने बताया कि गेहूं की बोआई का समय शुरू हो गया है। खेतों में नमी नहीं है। नहर सूखी पड़ी है। अब अधिक पैसा देकर निजी हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ेगा। सुइथाकला: शारदा सहायक खंड-36 में पानी नहीं होने से क्षेत्र के रुधौली, सुइथाकला, अशरफाबाद, करीमपुर, डेहरी, समसुद्दीनपुर में किसान परेशान हैं। बदलापुर: क्षेत्र के शारदा सहायक खंड-36 से निकलने वाली नहर भीमपुर रजबाहा व रामगंज रजबाहा में नवंबर में भी पानी नहीं आया है। क्षेत्र के किसान सुरेंद्र दुबे, मनीष सिंह ने बताया कि छह माह से नहरों में पानी नहीं आ रहा है, जिससे सिंचाई का काम प्रभावित हो रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

