लखनऊ 23 नवंबर (आरएनएस )इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश राज्य शाखा प्रदेश में अत्याधुनिक सुविधाओं से युक्त ब्लड बैंक का निर्माण करने जा रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना का भूमि पूजन शनिवार को उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, जो इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश के सभापति भी हैं, के द्वारा संपन्न हुआ। उनके कर-कमलों से हुए इस शुभारंभ को संस्था के लिए एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।भूमि पूजन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि रेडक्रॉस द्वारा निर्मित किया जा रहा यह ब्लड बैंक प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देगा। उन्होंने कहा कि यहां सभी अत्याधुनिक सुविधाओं के साथ नि:शुल्क सेवाएं उपलब्ध कराई जाएँगी, ताकि किसी भी जरूरतमंद मरीज को समय पर रक्त मिल सके और उसकी जान बचाई जा सके। उन्होंने इसे मानवता और सेवा की दृष्टि से प्रदेश के लिए एक महत्वपूर्ण पहल बताया।रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश के उप-सभापति अमरनाथ मिश्र ने कहा कि ब्लड बैंक का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ेगा और यह जल्द ही पूरी तरह तैयार होकर जनता को सेवा प्रदान करेगा। उन्होंने इसे संगठन की एक बड़ी उपलब्धि बताया।कार्यक्रम के समापन पर रेडक्रॉस सोसाइटी उत्तर प्रदेश के महासचिव रामानंद कटियार ने उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों, स्वयंसेवकों और स्टाफ कर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह परियोजना समाज की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए तैयार की जा रही है और इसके माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को विशेष मजबूती मिलेगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

